पति की दूसरी शादी के बाद उपजे विवाद ने लिया दर्दनाक मोड़, पुलिस ने किया खुलासा
बालोद। जिले के ग्राम नेवारीकला में एक महिला द्वारा अपनी सौतन की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त हथियार, मोबाइल एवं अन्य सामग्री भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी चिमन लाल साहू पिता शोभाराम साहू (47 वर्ष), निवासी ग्राम नेवारीकला, थाना व जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 जून 2026 की रात वह अपनी पहली पत्नी अमृत बाई साहू के साथ एक कमरे में सोया था, जबकि दूसरे कमरे में उसकी दूसरी पत्नी दया बाई सोनकर सो रही थी। रात करीब 3 बजे उठने पर उसने देखा कि अमृत बाई कमरे में नहीं थी। इसके बाद मोबाइल की रोशनी से दूसरे कमरे में जाकर देखने पर दया बाई घायल अवस्था में मृत मिली। मामले की सूचना थाना बालोद को दी गई, जिस पर अपराध क्रमांक 318/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान आरोपी अमृत बाई साहू पति चिमन लाल साहू (42 वर्ष) स्वयं थाना पहुंची। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि वर्ष 2019 में हरेली त्योहार से पहले पति और मृतिका के बीच संबंध होने के बाद दया बाई दूसरी पत्नी बनकर साथ रहने लगी थी। इसके बाद पारिवारिक विवाद और तनाव लगातार बढ़ता गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले से योजना बनाकर घर में रखे लोहे के फर्सा को धार देकर तथा एक लकड़ी का खुरा छिपाकर रखा था। घटना वाले दिन जब परिवार के अन्य सदस्य सो गए और दूसरी पत्नी कमरे में अकेली थी, तब उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर चली गई और बाद में थाना पहुंची।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहनी गई खून लगे लाल रंग की साड़ी, ब्लाउज, जिवो भारत कंपनी का मोबाइल फोन, कपड़े रखने का थैला तथा घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।
आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि धरम भुआर्य (सायबर सेल बालोद), परि.उप निरीक्षक इन्द्रजीत सिदार, आशमा कुर्रे, प्रधान आरक्षक 1732 योगेश सिन्हा तथा थाना बालोद स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।











