बालोद, 1 जुलाई 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग ने डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम कसही में अवैध पत्थर उत्खनन के मामले में कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील कर दिया।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को खनिज विभाग की टीम ने ग्राम कसही में निरीक्षण किया। जांच के दौरान निजी भूमि पर चैन माउंटेन मशीन की सहायता से बड़े पत्थरों को तोड़ा जा रहा था, जबकि मजदूर उन्हें छोटे आकार में परिवर्तित कर रहे थे।

निरीक्षण के दौरान संबंधित व्यक्तियों से पत्थर उत्खनन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद विभाग ने मौके पर मौजूद पीले रंग की पीसी-130-7 चैन माउंटेन मशीन (सीरियल नंबर N521735) को जब्त कर सील कर दिया।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











