बालोद, 1 जुलाई 2026। उप संचालक, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र बालोद के तत्वावधान में 10 जुलाई 2026 को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) गुंडरदेही में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न निजी संस्थानों द्वारा कुल 851 तकनीकी एवं गैर तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, बी.एससी. एग्रीकल्चर, स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजीडीसीए, बीएससी नर्सिंग, मेडिकल कोर्स तथा हॉस्पिटल स्टाफ सहित विभिन्न योग्यताओं वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
तीन कंपनियां करेंगी भर्ती
रोजगार मेले में एस.आर. हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, ग्राम चिखली (धमधा रोड, जिला दुर्ग) द्वारा 575 पदों, सेफ इंटेलीजेंट सिक्योरिटी सर्विसेस, भिलाई द्वारा 206 पदों तथा पुस्कल एग्रोटेक लिमिटेड, कमल विहार, रायपुर द्वारा 70 पदों पर भर्ती की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग की वेबसाइट तथा छत्तीसगढ़ रोजगार एप पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए रोजगार पंजीयन अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, बालोद से संपर्क कर सकते हैं।











