DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले पर सेन समाज में आक्रोश, बालोद में विशाल प्रदर्शन कर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बालोद। बिलासपुर के एक निजी स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के विरोध में सर्व सेन समाज ने सोमवार को बालोद में प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच, त्वरित न्याय और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इस विरोध प्रदर्शन के समर्थन में जिले के अनेक सैलून एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रहे। सेन समाज, महिला सेन समाज, सैलून संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के सैकड़ों सदस्य प्रदर्शन में शामिल हुए और न्याय की मांग को लेकर नारे लगाए।

पूरे प्रदेश में चलाया गया विरोध अभियान

बालोद जिला सेन समाज के मीडिया प्रभारी उमेश कुमार सेन ने बताया कि यह विरोध केवल बालोद तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के जिला मुख्यालयों में समाज द्वारा एक साथ ज्ञापन सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि समाज त्वरित एवं प्रभावी न्याय चाहता है और समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

जिला अध्यक्ष संतोष कौशिक ने कहा कि यह घटना अत्यंत गंभीर है और दोषियों के विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कठोरतम दंड दिया जाना चाहिए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी उच्च स्तरीय जांच कराने तथा यदि किसी प्रकार की लापरवाही या तथ्यों को छिपाने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

महिला सेन समाज की जिला अध्यक्ष ममता सेन ने कहा कि बच्चियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित

प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष संतोष कौशिक, रामकुमार श्रीवास, ममता सेन, छन्नू लाल सेन, सेतु राम शांडिल्य, राजेश्वर सेन, अशोक भारद्वाज, टुमन सेन, उमेश सेन, रवि सेन, कृष्ण कुमार सेन, छोटू कौशिक, नारायण सेन, रूपेंद्र सेन, कुमेश सेन, प्रकाश भारद्वाज, ढालू भारद्वाज, द्वारिका शांडिल्य, मुकेश कौशिक, विक्की भारद्वाज, गजेंद्र श्रीवास, नंदू भारद्वाज, जनक कौशिक, पदुम कौशिक, ऋषि सेन, माहेश्वरी सेन, मंजू कौशिक, प्रेमलता सेन, गीता कौशिक, ज्ञानिका सेन सहित बालोद, गुरुर, गुंडरदेही, अर्जुंदा, लोहारा, देवरी, दल्लीराजहरा एवं डौंडी ब्लॉक से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

आगे आंदोलन की चेतावनी

ज्ञापन के माध्यम से सेन समाज ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए तथा पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। समाज ने यह भी कहा कि यदि समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और व्यापक रूप दिया जाएगा।

You cannot copy content of this page