DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बालिकाओं का गुलाल व मिठाई से स्वागत, पुस्तकें और निःशुल्क साइकिलें वितरित

बालोद। शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6वीं एवं 9वीं की नवप्रवेशी छात्राओं का गुलाल लगाकर, मिठाई खिलाकर और आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलों का वितरण भी किया गया।

शिक्षा और बालिका सशक्तिकरण पर दिया गया जोर

शाला विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती रोहिणी साहू ने कहा कि नवप्रवेशी बालिकाओं का विद्यालय परिवार में स्वागत करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि समिति बालिकाओं की बेहतर शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने कहा कि शासन की बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली योजनाएं छात्राओं के भविष्य को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास में नगर पालिका की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

पार्षद प्रीतम यादव ने छात्राओं को लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता तथा विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

डी.के. सुकदेवे ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा ही समाज की प्रगति की आधारशिला है और कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

वहीं वाय.के. देशमुख ने गरीब छात्राओं की आर्थिक सहायता के लिए प्रतिवर्ष ₹5,000 का सहयोग जारी रखने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि बालिकाओं का उज्ज्वल भविष्य ही समाज का वास्तविक विकास है।

पूर्व माध्यमिक शाला की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती योगी ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में विद्यालय, पालकों और समाज की साझा भूमिका महत्वपूर्ण है।

नई शाला विकास समिति का गठन

कार्यक्रम के दौरान शासन के निर्देशानुसार शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की नई शाला विकास समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से श्री कृष्ण कुमार यादव को अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही उपाध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया।

नवनिर्मित भवन का किया निरीक्षण

अतिथियों, पालकों एवं शिक्षकों ने विद्यालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के अंत में सभी पालकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक भोजन किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता अशरफ तिगाला ने किया, जबकि संस्था की प्राचार्य श्रीमती हेमलता गंगबर ने सभी अतिथियों, पालकों एवं सहयोगी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बी.एन. योगी, साकेत वर्मा, डी.एन. तिवारी, राजेंद्र वर्मा, सूर्यकांत सिन्हा, परमेश्वर देवांगन, बी.आर. साहू, एम.के. ठावरे, ऋचा मीका, लेखा देवी साहू, नीलू सोनी, गीतिका दुबे, वर्षा यादव, रोशनी साहू, भावना साहू, शैल देशमुख सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सकारात्मक संदेश दिया गया।

You cannot copy content of this page