जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग प्रशिक्षण शिविर में 50 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण
बालोद, 18 जून 2026। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला बालोद (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में फिटनेस वर्ल्ड जिम, बालोद में आयोजित 21 दिवसीय निःशुल्क वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2026–27 का उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक समापन किया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर में जिले के लगभग 50 से 60 खिलाड़ियों ने नियमित रूप से भाग लेकर खेल प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के बाद खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, शारीरिक दक्षता और आत्मविश्वास में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री टोमन साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में फिटनेस वर्ल्ड जिम बालोद के संचालक श्री नरेंद्र साहू, आराधना न्यूज़ के क्राइम रिपोर्टर श्री रितेश कुमार, जिम कोच श्री योगेश्वर सोनकर एवं जिम कोच श्री आकाश मेश्राम विशेष रूप से मौजूद रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता का आधार केवल प्रतिभा नहीं बल्कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शिविर के दौरान खिलाड़ियों के स्वास्थ्य एवं पोषण का विशेष ध्यान रखा गया। प्रतिदिन खिलाड़ियों को चना, फलली एवं गुड़ उपलब्ध कराया गया ताकि प्रशिक्षण के दौरान उनकी ऊर्जा और फिटनेस बनी रहे।
आयोजन को सफल बनाने में प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन अवसर पर सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
“निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास ही एक सफल खिलाड़ी की सबसे बड़ी पहचान है।”








