लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय, पुलिस जांच में जुटी
गुरुर। ब्लॉक मुख्यालय गुरुर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार हो रही वारदातों से दुकानदारों में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। ताजा मामला ग्राम मोखा गुंडरापारा का है, जहां गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक चॉइस सेंटर को निशाना बनाते हुए दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल, लैपटॉप, नगदी एवं अन्य सामान चोरी कर लिया।
जानकारी के अनुसार दुकान संचालक टीकम सिन्हा रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखा सामान गायब था। चोरी हुए सामान में मोबाइल, लैपटॉप, नगदी राशि, महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं अन्य सामग्री शामिल है। चोरी से लगभग 80 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
दुकानदार ने बताया कि दुकान की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था, लेकिन चोर इतनी सावधानी से वारदात को अंजाम देकर गए कि वे सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे घटना के साक्ष्य जुटाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
घटना की सूचना तत्काल गुरुर थाना में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी हैं चोरी की घटनाएं
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। लगभग दो माह पूर्व ग्राम डोकला स्थित बंशी किराना दुकान में भी देर रात चोरी की घटना हुई थी। उस समय घटना सीसीटीवी में कैद होने की बात सामने आई थी, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ नेशनल हाईवे किनारे स्थित दुकानों को भी निशाना बना रहे हैं। लोगों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
गुरुर से सूर्यकांत साहू की रिपोर्ट








