नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में आयोजित हुआ कार्यक्रम
बालोद। नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर ग्राम डढ़ारी में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। इसी अवसर पर विद्यालय परिसर में प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत गुरुर के उपाध्यक्ष आदरणीय दुर्गानंद साहू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत गुरुर की स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू ने की। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत डढ़ारी के सरपंच ओमप्रकाश साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों का स्वागत कर उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दी गईं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षा के महत्व के बारे में प्रेरित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम में प्रार्थना शेड निर्माण कार्य के भूमिपूजन के साथ विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया। अतिथियों ने कहा कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के विकास से बच्चों को बेहतर वातावरण मिलेगा और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकगण, गुरुजन, विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








