नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत, भूमिपूजन के साथ शिक्षा के बेहतर वातावरण का दिया संदेश
बालोद। नवीन शिक्षण सत्र 2026 की शुरुआत के साथ प्रदेश शासन के निर्देशानुसार ग्राम परसूली स्थित मिडिल स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक एवं गुलाल लगाकर स्वागत किया गया। बच्चों में नए सत्र को लेकर विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेत्री एवं जनपद पंचायत गुरुर की स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रार्थना शेड का भूमिपूजन किया। यह स्वीकृति स्कूल शिक्षा मद से प्राप्त हुई है। इस अवसर पर उन्होंने इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री आदरणीय गजेंद्र यादव जी के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में श्रीमती संध्या साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नई डिजाइन की यूनिफॉर्म, विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तथा प्रार्थना शेड जैसी व्यवस्थाएं बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि धूप और बरसात जैसी परिस्थितियों को देखते हुए स्कूलों में प्रार्थना शेड निर्माण का निर्णय स्वागत योग्य है, जिससे बच्चों को सुविधा मिलेगी और विद्यालयों में गतिविधियां व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकेंगी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर अध्ययन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत परसूली के सरपंच विद्याधर नेताम, उपसरपंच ठाकुर राम, माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक केशव राम साहू, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक प्रहलाद साहू, थानेश्वर सोनबेर, झुमुक साहू, निरंजन साहू, नेहा कुल्हारे, हमेंद्र सोनबेर, पूर्व सरपंच मोती राम देवांगन, झालेंद्र सिन्हा, बूथ अध्यक्ष राम कुमार साहू सहित गांव के गणमान्य नागरिक, समस्त पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन बच्चों को शुभकामनाएं देने तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के संकल्प के साथ हुआ।








