DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मोदी के नेतृत्व में भारत बना आर्थिक महाशक्ति, दुनिया में बढ़ा देश का गौरव : यशवन्त जैन

भाजपा प्रदेश महामंत्री बोले- मजबूत इच्छाशक्ति, नीतिगत सुधार और राष्ट्र प्रथम की सोच ने बदली भारत की तस्वीर

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवन्त जैन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि मजबूत इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और “राष्ट्र प्रथम” की नीति के कारण भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने आर्थिक, अधोसंरचना और रक्षा क्षेत्र में ऐसे कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जिनकी पहले केवल कल्पना की जाती थी।

सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन की दिशा में बढ़ा भारत

यशवन्त जैन ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को “पॉलिसी पैरालिसिस” की स्थिति से बाहर निकालकर सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के मार्ग पर अग्रसर किया है। वस्तु एवं सेवा कर (GST) के सफल क्रियान्वयन, बैंकिंग क्षेत्र के डिजिटलीकरण और “मेक इन इंडिया” जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं ने भारत को दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और युवाओं के लिए नवाचार तथा उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध हुए हैं।

अधोसंरचना विकास में बने नए रिकॉर्ड

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के रिकॉर्ड निर्माण, रेलवे के आधुनिकीकरण, वंदे भारत ट्रेनों के संचालन और हवाई अड्डों के तेजी से विस्तार ने देश के विकास की गति को नई दिशा दी है। इन परियोजनाओं से देश के दूरस्थ क्षेत्रों तक भी विकास की पहुंच सुनिश्चित हुई है।

सुरक्षा के मोर्चे पर लिए गए ऐतिहासिक निर्णय

यशवन्त जैन ने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे साहसिक निर्णयों ने भारत की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा को और मजबूत बनाया है। इन कदमों ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ा देश

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और पारदर्शी शासन व्यवस्था के कारण देश में सुशासन को बढ़ावा मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और विश्व की प्रमुख शक्तियों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

यशवन्त जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिससे देश का सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बढ़ रहा है।

You cannot copy content of this page