DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों पर प्रशासन गंभीर, सीएमएचओ को जारी किया गया आवश्यक कार्यवाही का पत्र

स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ की पहल रंग लाई, विभिन्न लंबित मामलों के निराकरण की दिशा में बढ़े कदम

बालोद। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ, जिला बालोद की विभिन्न मांगों पर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। प्रशासन ने इन मांगों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को पत्र जारी किया है।

जानकारी के अनुसार 7 मई को जिला कार्यालय में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर अजय किशोर लकड़ा ने की। इस दौरान स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष घनश्याम पुरी गोस्वामी ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा था।

फील्ड कर्मचारियों की आधार बेस उपस्थिति पर उठाया मुद्दा

जिलाध्यक्ष घनश्याम पुरी गोस्वामी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत नेत्र सहायक अधिकारी, स्वास्थ्य सुपरवाइजर एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक नियमित रूप से फील्ड में कार्य करते हैं। ऐसे में कई बार आधार आधारित उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने इन कर्मचारियों के लिए आधार बेस उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग रखी थी।

पदोन्नति और लंबित भुगतान का मामला भी उठाया

बैठक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित वरिष्ठता सूची जारी कर शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। इसके अलावा कर्मचारियों के समयमान वेतनमान, एरियर भुगतान तथा अन्य लंबित वित्तीय प्रकरणों के त्वरित निराकरण की मांग की गई।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भटकना न पड़े

संघ ने प्रशासन से यह भी मांग की कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के जीपीएफ सहित अन्य भुगतान संबंधी प्रकरणों की प्रक्रिया सेवानिवृत्ति के छह माह पूर्व ही पूरी कर ली जाए, ताकि उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

एनएचएम कर्मचारियों के समय पर वेतन भुगतान की मांग

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को हर माह समय पर वेतन नहीं मिलने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। संघ ने कहा कि वेतन भुगतान में देरी के कारण कर्मचारियों को आर्थिक एवं पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रत्येक माह निर्धारित समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन ने दिया सकारात्मक संकेत

संघ की मांगों को सुनने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी किए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में उम्मीद जगी है कि उनकी लंबे समय से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सकेगा।

स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी संघ ने प्रशासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक पहल किए जाने का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि संबंधित मामलों में जल्द ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी।

You cannot copy content of this page