डौण्डीलोहारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्लास्टिक टब से 72 किलो से अधिक गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार, देखिए वीडियो…



36 लाख से अधिक का गांजा, चार मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त; एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल

“प्लास्टिक टब में छिपाकर ले जा रहे थे 36 लाख का गांजा, डौण्डीलोहारा पुलिस ने पकड़ा”

बालोद। बालोद जिले की डौण्डीलोहारा पुलिस एवं साइबर सेल टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 72.621 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में पांच आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, चार मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन सहित कुल 40 लाख 52 हजार 50 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर तथा उप पुलिस अधीक्षक बोनी फॉस एक्का के निर्देशन में थाना प्रभारी सुनील तिर्की एवं साइबर सेल टीम ने यह कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर रची गई घेराबंदी

पुलिस को 9 जून 2026 को सूचना मिली थी कि चार मोटरसाइकिलों में सवार छह लोग उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के अनुसार आगे और पीछे चल रही मोटरसाइकिलों में बैठे लोग निगरानी कर रहे थे, जबकि बीच की दो मोटरसाइकिलों में विशेष रूप से बनाए गए कैरियर और बड़े प्लास्टिक टबों में गांजा छिपाकर रखा गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम भेड़ी तिराहा, डौण्डीलोहारा-बालोद मार्ग पर नाकाबंदी कर एंबुश लगाया।

फिल्मी अंदाज में पकड़ाए तस्कर

जैसे ही संदिग्ध मोटरसाइकिलें मौके पर पहुंचीं, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान एक बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति पुलिस को देखकर कूदकर फरार हो गया, जबकि अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान दो मोटरसाइकिलों में रखे बड़े काले प्लास्टिक टबों के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने टबों को खोलकर जांच की तो उनमें छिपाए गए कुल 50 पैकेट गांजा मिले।

72.621 किलो गांजा बरामद

इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर गांजा का कुल वजन 72.621 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 36 लाख 31 हजार 50 रुपये बताई गई है। पुलिस ने इसके अलावा चार मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के रायसेन और सागर जिले के निवासी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—

  • श्याम गोंड (26 वर्ष), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
  • पवन गोंड (26 वर्ष), जिला सागर, मध्यप्रदेश
  • प्रदीप चौहान (20 वर्ष), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
  • संजय कुमावत (20 वर्ष), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
  • एक विधि से संघर्षरत बालक

इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील तिर्की, सहायक उपनिरीक्षक अनित राम यादव, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र साहू, दिगम्बर वर्मा, आरक्षक विनोद, अजय, पूनम खरे, कुमलाल वर्मा, रविशंकर देशलहरे सहित साइबर सेल टीम के धरम भुआर्य, विपिन गुप्ता, पुरन देवांगन, भोपसिंह, आकाश दुबे, संदीप यादव एवं गुलजारी साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page