बालोद : युवाओं को रोजगार के अवसर: होम बेस्ड केयर गिवर के 03 हजार 500 पदों पर की जाएगी भर्ती

बालोद, 09 जून 2026
छत्तीसगढ़ शासन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा प्रदेश के युवाओं के लिए विदेश (इजराइल) में रोजगार पाने का एक सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मागदर्शन केन्द्र बालोद के उप संचालक ने बताया कि नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अंतर्गत भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत ’होम बेस्ड केयर गिवर’ के कुल 03 हजार 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। जिसके लिए उम्मीदवारों को प्रतिमाह लगभग 02 लाख रुपये वेतन दिया जाएगा। यह अनुबंध शुरुआती 02 वर्षों के लिए होगा, जिसे आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। उम्मीदवार का न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण होना तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना अनिवार्य है। साथ ही कम से कम 03 वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना चाहिए। अभ्यर्थी शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। अभ्यर्थी की लंबाई 1.5 मीटर से अधिक तथा वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना आवश्यक है। पूर्व में इजराइल में कार्य कर चुके व्यक्ति इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त संस्थान से 990 घंटे की ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग सहित केयर गिविंग प्रमाणपत्र अनिवार्य है। इसके अलावा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी अथवा नर्स असिस्टेंट की योग्यता रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। सेवा प्रदान करने वाले आवेदकों को नियोजक द्वारा आवास एवं भोजन की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदक का सप्ताह में 06 दिन कार्य दिवस रहेगा। इसके अलावा आवास एवं भोजन सुविधा, चिकित्सा बीमा, 09 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिनों की वार्षिक अवकाश भी दी जाएगी। इच्छुक अर्हताधारी आवेदक अपना पंजीयन पोर्टल ईरोजगार डाॅट सीजी डाॅट जीओवी डाॅट इन पर जारी लिंक पर करना सुनिश्चित कर सकते हैं। इसके साथ ही इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में संपर्क कर सकते है। उन्होंने भर्ती के संबंध में दलालों से विशेष सावधान रहने को कहा है।

You cannot copy content of this page