DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जनभागीदारी से मिलेगा बालिका शिक्षा को बढ़ावा, महिला कमांडो चलाएंगी जागरूकता एवं प्रोत्साहन अभियान

दानदाताओं के सहयोग से बालिकाओं को वितरित की जाएगी अध्ययन सामग्री, स्कूलों से जुड़ेंगे ग्रामीण

बालोद। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वयंसेवी सामाजिक महिला कमांडो द्वारा इस वर्ष भी विशेष जनजागरण एवं प्रोत्साहन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बालिकाओं एवं उनके पालकों से संपर्क कर उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने और शिक्षा के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।

महिला कमांडो टीम द्वारा समाज के दानदाताओं से कॉपी, पेन, पहाड़ा, कम्पास बॉक्स, स्कूल बैग सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री दान स्वरूप एकत्रित की जाएगी। प्राप्त सामग्री को दानदाताओं के शुभ हाथों तथा शिक्षकों की उपस्थिति में विद्यालयों में बालिकाओं को पुरस्कार एवं प्रोत्साहन स्वरूप वितरित किया जाएगा।

अभियान से जुड़ी पद्मश्री शमशाद बेगम ने बताया कि शासन और प्रशासन अपने स्तर पर बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, लेकिन इसमें जनसहभागिता जुड़ जाए तो इसके परिणाम और अधिक प्रभावी होंगे। उन्होंने कहा कि महिला कमांडो लगातार जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं और समाज के सभी वर्गों से उन्हें भरपूर सहयोग एवं सराहना मिलती रही है।

उन्होंने बताया कि बालिकाओं को अध्ययन सामग्री प्रोत्साहन स्वरूप मिलने से उनमें शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी और विद्यालयों से उनका जुड़ाव मजबूत होगा। साथ ही ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ने से स्कूलों के विकास को भी गति मिलेगी।

कौशिल्या साहू (सिंगारपुर) ने बताया कि महिला कमांडो टीम पहले स्वयं आपस में सहयोग कर पेन, कॉपी, पहाड़ा एवं अन्य सामग्री की व्यवस्था करती है, उसके बाद गांव के अन्य लोगों को भी इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित करती है। उनका मानना है कि किसी भी सामाजिक परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए।

महिला कमांडो का यह अभियान न केवल बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

You cannot copy content of this page