ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाला एक और आरोपी धमतरी पुलिस के शिकंजे में



ALL PANNALE Exch लिंक एवं मोबाइल एप के माध्यम से चला रहा था ऑनलाइन सट्टा कारोबार

एसपी श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के विरुद्ध लगातार जारी है सख्त अभियान

धमतरी | 22 मई 2026

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार द्वारा समीक्षा बैठक के दौरान जिले के समस्त थाना प्रभारियों को जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन आईपीएल सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस द्वारा ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले आरोपी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई है।

थाना सिटी कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग एवं भ्रमण के दौरान गोल बाजार धमतरी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई तथा आरोपी को ऑनलाइन सट्टा खेलते एवं हार-जीत का दांव लगवाते रंगे हाथ पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ALL PANNALE Exch नामक ऑनलाइन लिंक एवं मोबाइल एप के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैच में हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था। आरोपी द्वारा ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए आईडी एवं पासवर्ड का उपयोग किया जा रहा था तथा मोबाइल एप के माध्यम से रुपए-पैसों का लेनदेन किया जा रहा था।

जांच के दौरान आरोपी द्वारा ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेलने एवं रकम के लेनदेन हेतु उपयोग किए गए बैंकिंग एवं यूपीआई ट्रांजेक्शन संबंधी जानकारी भी प्राप्त हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए संबंधित व्यक्ति के खाते में फोन-पे एवं यूपीआई माध्यम से कुल 49,990/- रुपये ट्रांसफर किए थे।

पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त एक नग वन प्लस 11 मोबाइल फोन जप्त किया गया है, जिसमें जियो एवं एयरटेल कंपनी के सिम कार्ड लगे हुए थे। जप्त मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 10,000/- रुपये आंकी गई है। साथ ही ऑनलाइन सट्टेबाजी में उपयोग किए जा रहे लिंक, आईडी, पासवर्ड, यूपीआई ट्रांजेक्शन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच में शामिल कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में धारा 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

आरोपी का नाम

संदीप ओटवानी उर्फ जागरा
पिता – स्व. जोधाराम ओटवानी
उम्र – 40 वर्ष
निवासी – सिंधी धर्मशाला के सामने, आमापारा धमतरी
थाना – सिटी कोतवाली धमतरी
जिला – धमतरी (छ.ग.)

धमतरी पुलिस द्वारा जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं साइबर संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page