सिकोसा रेलवे फाटक में अंडरब्रिज निर्माण के दौरान बना खतरनाक मोड़, बारिश में बढ़ सकती है मुश्किलें



संकरा रास्ता और जलभराव की आशंका से ग्रामीण चिंतित, हादसे का बना खतरा

बालोद/गुण्डरदेही, मोरज देशमुख। विकासखंड गुण्डरदेही के सिकोसा रेलवे फाटक में निर्माणाधीन अंडरब्रिज के पास बनाया गया अस्थायी मोड़ अब लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि मोड़ काफी संकरा और जोखिमभरा है, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रात में बढ़ जाता है हादसे का खतरा

ग्रामीणों के मुताबिक रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। पर्याप्त संकेतक और रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन चालकों को मोड़ का सही अंदाजा नहीं लग पाता। भारी वाहनों के गुजरने के दौरान छोटे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को जोखिम उठाना पड़ रहा है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो यहां दुर्घटनाएं बढ़ सकती हैं।

बारिश में जलभराव से बढ़ेगी परेशानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि अंडरब्रिज निर्माण स्थल के आसपास पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी जमा होने लगा है। ऐसे में आने वाले मानसून में हालात और खराब हो सकते हैं। सड़क पर जलभराव होने से वाहन फिसलने और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाएगी। स्कूली बच्चों, बाइक चालकों और ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी होने की आशंका जताई जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठ रहे सवाल

निर्माण स्थल के आसपास सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी, लेकिन मौके पर पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।

निर्माण पूरा होने पर मिलेगी राहत की उम्मीद

हालांकि क्षेत्रवासियों ने यह भी कहा कि अंडरब्रिज निर्माण पूरा होने के बाद रेलवे फाटक में लगने वाले लंबे जाम और आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल लोग प्रशासन और निर्माण एजेंसी से मांग कर रहे हैं कि बारिश शुरू होने से पहले जलनिकासी, सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

You cannot copy content of this page