DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

आर्ट ऑफ गिविंग के 13वें अंतर्राष्ट्रीय स्थापना दिवस पर ग्राम खुरसुनी में हुआ भव्य आयोजन

“शेयर टू शाइन” थीम के साथ युवाओं ने दिया सेवा, सहयोग और सकारात्मकता का संदेश

बालोद/गुण्डरदेही। आर्ट ऑफ गिविंग के 13वें अंतर्राष्ट्रीय स्थापना दिवस के अवसर पर 17 मई को बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड अंतर्गत अर्जुन्दा ब्लॉक के ग्राम पंचायत भवन खुरसुनी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं की भागीदारी को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत गुण्डरदेही क्षेत्र क्रमांक 03 की जनपद सदस्य श्रीमती ललिता भुआर्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत खुरसुनी के सरपंच श्री योगेश्वर प्रसाद साहू ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त शिक्षक नीलकंठ साहू, पंचगण, सचिव एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, स्वामी विवेकानंद एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

युवाओं के प्रयासों की हुई सराहना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच योगेश्वर प्रसाद साहू ने युवाओं के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं जनपद सदस्य श्रीमती ललिता भुआर्य ने युवाओं को मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान अतिथियों का साल, प्रतीक चिन्ह, पेन एवं डायरी भेंट कर सम्मान किया गया।

“शेयर टू शाइन” थीम का दिया संदेश

बालोद जिला समन्वयक यशवंत कुमार ने बताया कि इस वर्ष आर्ट ऑफ गिविंग का आयोजन “शेयर टू शाइन” थीम पर आधारित है, जिसका अर्थ है “बांटिए और चमकिए”। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपना ज्ञान, समय, सहयोग और संवेदनाएं दूसरों के साथ साझा करता है तो समाज में दया, करुणा और एकजुटता की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने बताया कि आर्ट ऑफ गिविंग केवल एक संगठन नहीं बल्कि सेवा, प्रेम, उदारता और शांति का जीवन दर्शन है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने इस आंदोलन के प्रेरणास्रोत डॉ. अच्युत सामंत को निःस्वार्थ सेवा और मानवता का प्रतीक बताया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान रंगोली, पोस्टर, गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मेडल, प्रमाण पत्र, पेन और डायरी देकर सम्मानित किया गया।

पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कु. पायल निषाद ने प्राप्त किया।

समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम में पौधारोपण, स्वच्छता, पड़ोसियों से मित्रता बढ़ाने और जरूरतमंदों की मदद जैसे सामाजिक विषयों पर भी जागरूकता फैलायी गई। आयोजन के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहयोग की भावना अपनाने का संदेश दिया गया।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन राकेश कुंभकार ने किया जबकि आभार प्रदर्शन सूरज नागवंशी ने किया। इस अवसर पर राज्य समन्वयक सुश्री शबाना बेगम सहित अजय कुमार साहू, देवेंद्र कुमार ठाकुर, चेतन सिन्हा, फनेश्वरी साहू, नेहा साहू, पूजा कुंभकार, टेश्वनी साहू, रेणुका साहू, टिकेश्वरी साहू, भानु प्रकाश देशमुख, हेमचंद भारती, अमर लालवानी एवं सुधीर किशोर सहित अनेक वालंटियर्स उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page