नागपुर में आयोजित “जलसंवाद” और “जलक्रांति” सम्मेलन में होंगी शामिल, जल संरक्षण पर होगा मंथन
बालोद। बालोद जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि सामाजिक महिला कमांडो अभियान की प्रणेता एवं पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी शमशाद बेगम राष्ट्रीय स्तर के जल संरक्षण सम्मेलन में भाग लेने नागपुर रवाना हो चुकी हैं। वे 17 और 18 मई को आयोजित होने वाले “जलसंवाद 2026” और “जलक्रांति सम्मेलन” में विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
उनके साथ सहयोगी जन कल्याण समिति के सचिव रफीक खान एवं सलाहकार घनश्याम दास बैरागी भी कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे हैं।
जल संरक्षण के प्रयासों पर होगा गहन विचार-विमर्श
विदर्भ में जल संरक्षण के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से कार्यरत पूर्ति सिंचन समृद्धि कल्याणकारी संस्था द्वारा नागपुर में रजत जयंती समारोह के अवसर पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। संस्था द्वारा विकसित “तमस्वदा मॉडल” को देशभर में जल संरक्षण की सफल पहल के रूप में पहचान मिली है।
इस आयोजन में देशभर के जल विशेषज्ञ, पद्म पुरस्कार विजेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे।
गांव-गांव में सोखता गड्ढा अभियान चला रही महिला कमांडो टीम
पद्मश्री शमशाद बेगम लंबे समय से जल संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी महिला कमांडो टीम गांव-गांव जाकर लोगों को सोखता गड्ढा निर्माण, जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए जागरूक कर रही है।
जिला प्रशासन के जल संरक्षण अभियान में भी उनकी अहम भूमिका रही है। उनके प्रयासों से कई गांवों में लोगों ने जल बचाने और वर्षा जल संचयन की दिशा में पहल शुरू की है।
17 मई को “नागपुर जलसंवाद 2026”
रविवार 17 मई को सिविल लाइन्स स्थित डॉ. वसंतराव देशपांडे सभागार में “नागपुर जलसंवाद 2026” का आयोजन होगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय रहेगा —
“जल संरक्षण और किसान आत्महत्या मुक्त विदर्भ का समाधान”
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री
नितिन गडकरी करेंगे।
सम्मेलन में डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, उमाशंकर पांडे, सेठपाल सिंह सहित देशभर के जल विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता अपने विचार रखेंगे।
18 मई को होगा “जलक्रांति सम्मेलन”
18 मई को रेशिमबाग स्थित कविवर्य सूर्यभट सभागार में “जलक्रांति सम्मेलन” आयोजित होगा। इसमें जल संरक्षण के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
इस सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता होगी प्रसिद्ध अभिनेता एवं पानी फाउंडेशन के संस्थापक आमिर खान, अभिनेता नाना पाटेकर और मकरंद अनासपुरे की उपस्थिति।
इसके अलावा कई कृषि विशेषज्ञ, विश्वविद्यालयों के कुलपति और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बालोद के लिए गौरव का विषय
पद्मश्री शमशाद बेगम की इस राष्ट्रीय आयोजन में भागीदारी को बालोद जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सामाजिक कार्यों के साथ-साथ जल संरक्षण के क्षेत्र में उनका योगदान लगातार प्रेरणादायक रहा है।
उनकी महिला कमांडो टीम आज भी गांव-गांव जाकर जल संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
