देवरी थाना क्षेत्र के परसूली गांव की घटना, पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर
बालोद। जिले के थाना देवरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसूली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी युवक ने अपनी ही छोटी बहन की धारदार कैंची से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनीका ठाकुर तथा एसडीओपी बोनीफास एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देवरी उप निरीक्षक मनीष शेन्डे के नेतृत्व में की गई।
बड़े पिता के घर से वापस आने पर करता था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका कुं. तनीशा सोनकर (18 वर्ष) ग्राम परसूली निवासी थी और अपने बड़े पिता के घर रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। कुछ दिन पहले ही वह अपनी मां के घर वापस आई थी, जिससे उसका मंझला भाई कुबेर उर्फ पुकेश सोनकर (22 वर्ष) नाराज था।
आरोपी लगातार तनीशा से विवाद करता था और कहता था कि वह वापस घर क्यों आ गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
घटना से पहले थाने पहुंची थी बहन
बताया गया कि घटना वाले दिन सुबह तनीशा अपनी मां लेमिन बाई सोनकर के साथ थाना देवरी पहुंची थी और भाई के खिलाफ शिकायत की थी कि वह मारपीट और झगड़ा करता है।
पुलिस जब कार्रवाई के लिए घर पहुंची, तब पारिवारिक मामला बताते हुए तनीशा ने लिखित आवेदन देकर भाई के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही।
सोते समय गले पर किया कैंची से वार
दोपहर करीब 3:30 बजे तनीशा अपने बड़े भाई पंकज के साथ कमरे में अलग-अलग खाट पर सो रही थी। उसी दौरान आरोपी कुबेर उर्फ पुकेश वहां पहुंचा और हत्या की नीयत से धारदार नोकदार कैंची से तनीशा के गले पर हमला कर दिया।
हमले में तनीशा गंभीर रूप से घायल हो गई और अत्यधिक खून बहने लगा। मां लेमिन बाई ने घटना देख तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में युवती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
राजनांदगांव स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति अस्पताल में उपचार के दौरान शाम 6:11 बजे डॉक्टरों ने तनीशा को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने दर्ज मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बहन के बड़े पिता के घर से वापस आने से नाराज था, जिसके चलते उसने घटना को अंजाम दिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनीष शेन्डे, सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद गजबिहे, आरक्षक दिलीप बर्मन, नितिन देवांगन, संतोष खुटेल एवं सरेश प्रीतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
- कुबेर उर्फ पुकेश सोनकर
पिता – स्व. कोमल सोनकर
उम्र – 22 वर्ष
निवासी – ग्राम परसूली, थाना देवरी, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)
