DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

खैरीडीह में मौत बनकर दौड़ी रफ्तार: शराब, बिना हेलमेट और तीन सवारी ने ली तीन युवकों की जान

देर रात कार-बाइक की भीषण भिड़ंत, एक युवक का पैर शरीर से अलग; गांव में पसरा मातम

एक मृतक का पैर घटना स्थल से 50 फीट दूर सुबह मिला जिसे रात को संजीवनी एंबुलेंस टीम नहीं देख पाई थी।

बालोद/डौंडीलोहारा। बालोद जिले के ग्राम खैरीडीह के पास शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक का पैर शरीर से अलग हो गया, जबकि तीनों के हाथ-पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, छह युवक दो बाइक में तीन-तीन सवारी बैठकर डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लोहारा से राजनांदगांव की ओर जा रही कार से ग्राम खैरीडीह के पास एक बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक में सवार युवक बाल-बाल बच गए।

मृतकों की पहचान

हादसे में मृत युवकों की पहचान तरुण यादव, राहुल सेवता और नरेंद्र भूआर्य के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तरुण यादव और राहुल सेवता ग्राम सिर्राभांठा के निवासी थे, जबकि तीसरा युवक मुड़खुसरा गांव का रहने वाला था। पुलिस मृतकों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

शराब के नशे में थे युवक, हेलमेट भी नहीं पहना था

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक युवक शराब के नशे में थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। तीन-तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाना भी हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीनों युवकों ने दम तोड़ दिया।

कार सवार सुरक्षित

हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार चालक और उसमें सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

गांव में पसरा मातम

एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार, शराब के नशे में वाहन चलाना, बिना हेलमेट सफर और ओवरलोडिंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page