बालोद। पुरूर थाना क्षेत्र के जगतरा मंदिर के पास आधी रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब बारातियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 12:05 बजे की बताई जा रही है, जब कांकेर से लौट रही बारात की बस में अचानक धुआं भरने लगा।
गियर बॉक्स में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस के गियर बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते महज 5 मिनट के भीतर पूरी बस में धुआं फैल गया, जिससे अंदर बैठे करीब 70 बारातियों में अफरा-तफरी मच गई।
खिड़कियों से कूदकर बचाई जान
स्थिति गंभीर होते देख कई बारातियों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि अन्य लोग तुरंत नीचे उतर गए। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
ड्राइवर ने पानी डालने की कोशिश की, लेकिन नहीं हुआ काबू
बस चालक ने पहले इंजन गर्म होने की आशंका से पहले बस रोककर पानी डालकर देखा लेकिन थोड़ी देर में धुआं निकलना शुरू हो गया। तत्काल ड्राइवर ने बारातियों को नीचे उतरने कहा। इस दौरान कुछ बाराती सो रहे थे। पांच मिनट के भीतर सभी उतरे और थोड़ी देर में पूरे बस में धुआं भरते ही आग लग गई।
एक बुजुर्ग घायल, सामान जलकर खाक
इस दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति का हाथ दरवाजे में फंस गया, जिससे वह हल्का घायल हो गया। वहीं, बस में रखा एक बैग कपड़े, चार्जर सहित अन्य सामान के साथ जलकर खाक हो गया।
दूसरी बस से बड़गांव पहुंचाए गए बाराती
हादसे के बाद करीब डेढ़ से दो बजे के बीच दूसरी बस मौके पर पहुंची, जिसके जरिए सभी बारातियों को सुरक्षित बड़गांव (डौंडीलोहारा ब्लॉक) पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बस शर्मा ट्रेवल्स की थी।
टोल प्लाजा पार करते ही हुआ हादसा
यह घटना टोल प्लाजा पार करने के 1-2 किलोमीटर बाद नैकुरा और जगतरा मंदिर के बीच हुई। बारात बड़गांव से कांकेर गई थी और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
बड़ा हादसा टला
समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस घटना ने यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की तकनीकी जांच पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
