सर्व समाज प्रमुखों और युवा प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति, युवाओं को अध्यात्म से जुड़ने का संदेश
बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय आमापारा बालोद द्वारा आयोजित शिवदर्शन आध्यात्मिक मेला के तृतीय दिवस का उद्घाटन सर्व समाज प्रमुखों एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दिया गया। 🕊️
विभिन्न समाजों के पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर कमला यादव, देवांगन समाज जिलाध्यक्ष दीपक देवांगन, रेडक्रॉस सोसायटी चेयरमेन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, युवा जैन समाज अध्यक्ष रजत जैन, तुषार जैन, महेश्वरी समाज अध्यक्ष केशव मंत्री, महावीर गौशाला बालोद अध्यक्ष समीर गुप्ता, राहुल सोनी, योगी समाज अध्यक्ष भूपेन्द्र नाथ योगी, नर्मदा कोठारी, दुर्योधन यादव सहित ब्रह्माकुमारीज संचालिका बी.के. विजयलक्ष्मी एवं बी.के. सरिता दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
युवा समाज को सही दिशा देने में अध्यात्म की भूमिका अहम – बी.के. सरिता दीदी
बी.के. सरिता दीदी ने उपस्थित युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, जो बच्चों और बुजुर्गों को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि आज कई युवा मार्ग से भटक रहे हैं और उन्हें सही दिशा देने के लिए अध्यात्म ही सबसे बड़ा सहारा है।
परमात्मा शिव प्रकाश स्वरूप हैं – बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी
बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी ने कहा कि परमात्मा शिव लाइट अर्थात प्रकाश स्वरूप हैं। अलग-अलग धर्मों में उन्हें विभिन्न नामों से जाना जाता है, लेकिन आत्मा और परमात्मा दोनों ही चेतना और प्रकाश के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि जब हम परमात्मा को सही रूप में पहचानते हैं, तो उनके गुण और शक्तियां हमारे जीवन में भी आने लगती हैं।
आध्यात्मिक मेले से मिलती है अलौकिक आनंद की अनुभूति – तोमन साहू
रेडक्रॉस सोसायटी चेयरमेन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने कहा कि सामान्य मेलों में लौकिक आनंद की अनुभूति होती है, लेकिन इस आध्यात्मिक मेले के माध्यम से अलौकिक आनंद और परमात्मा की शक्तियों का अनुभव प्राप्त होता है।
आत्मज्ञान से ही पीढ़ी को मिलती है सही दिशा – कमला यादव
सब इंस्पेक्टर कमला यादव ने कहा कि इस कार्यक्रम में आकर उन्हें अत्यंत सकारात्मक अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि आत्मज्ञान की आवश्यकता समाज के प्रत्येक व्यक्ति को है, क्योंकि जब बड़े सीखेंगे तभी नई पीढ़ी भी सही मार्ग पर आगे बढ़ेगी।
समाज को नई दिशा देते हैं ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रम – समीर गुप्ता
महावीर गौशाला बालोद अध्यक्ष समीर गुप्ता ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है और लोगों को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।
145 देशों में महिला सशक्तिकरण पर कार्य कर रही संस्था – भूपेन्द्र नाथ योगी
योगी समाज अध्यक्ष भूपेन्द्र नाथ योगी ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज एक ऐसी संस्था है जो महिला नेतृत्व के साथ विश्व के 145 देशों में आध्यात्मिक विकास और महिला सशक्तिकरण पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भौतिक सुख तो जीवन में मिल जाता है, लेकिन आत्मिक शांति के लिए आध्यात्मिक ज्ञान आवश्यक है।
आकर्षक और प्रेरणादायक रहा आध्यात्मिक मेला – केशव मंत्री
महेश्वरी समाज अध्यक्ष केशव मंत्री ने कहा कि यह आध्यात्मिक मेला अत्यंत आकर्षक और प्रेरणादायक है। इसके सफल आयोजन के लिए उन्होंने पूरी संस्था को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। 🙏
