बालोद। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, जिला बालोद के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र देशमुख के निर्देशानुसार भाजपा जिला कार्यालय जुंगेरा (बालोद) में जिला एवं मंडल स्तर की सामूहिक कामकाजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर मंथन
बैठक में संगठन को मंडल एवं बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को किसान और मजदूर वर्ग तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
गांव-गांव पहुंचें कार्यकर्ता, योजनाओं का लाभ दिलाएं
जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र देशमुख ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि किसानों एवं मजदूरों को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना संगठन का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर आम जनता को योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभान्वित करें।
“विकसित भारत” अभियान में बालोद को मिला शीर्ष स्थान
बैठक में भारत सरकार की योजनाओं, विशेषकर “विकसित भारत” (VB-GRAMG) अभियान के तहत हर बूथ और गांव तक योजनाओं को किसान चौपाल के माध्यम से पहुंचाने में बालोद जिले को पूरे छत्तीसगढ़ में शीर्ष स्थान प्राप्त होने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी गई।
किसान-मजदूर सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस
अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के सभी सदस्य मिलकर किसान, मजदूर और आम जनता को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे और भाजपा किसान मोर्चा को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
जय जवान, जय किसान।












