राजीव भवन में जिला कांग्रेस की परिचयात्मक बैठक, नवनियुक्त पदाधिकारियों को बांटे नियुक्ति पत्र



गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस का विरोध, युवा कांग्रेस ने किया पुतला दहन

बालोद। जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के नवनियुक्त पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक और नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम राजीव भवन बालोद में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि संगठन में पद केवल सम्मान नहीं बल्कि कार्यात्मक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाकर कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाने की अपील की।

बूथ कमेटी गठन में सावधानी बरतने की अपील

बैठक को संबोधित करते हुए गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि बूथ कमेटी के गठन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया जाना चाहिए क्योंकि निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया में कांग्रेस के वोट बैंक को नुकसान पहुंचाने की आशंका दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि आगामी अप्रैल माह में होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को योजनाबद्ध तरीके से करना होगा, ताकि कांग्रेस समर्थकों के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रह सकें।

विधानसभा में जनहित के मुद्दे दबाने का आरोप

बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान राज्य सरकार विपक्ष के जनहित के मुद्दों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और घरेलू उपभोक्ताओं को पर्याप्त गैस आपूर्ति नहीं होने को लेकर केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा।

17 मार्च के आंदोलन में शामिल होने की अपील

बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 17 मार्च को आयोजित मनरेगा बचाओ संग्राम, महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में आयोजित कार्यक्रम में बालोद जिले से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।

प्रदेश से नियुक्त प्रभारी मेहुल मारू, अय्यूब खान और आफताब आलम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

बूथ और पंचायत कमेटी गठन का अभियान

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और बालोद जिले के बूथ गठन प्रभारी शाहिद खान ने बूथ और संगठनात्मक ढांचे के गठन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ और पंचायत कमेटी तथा नगरीय निकाय क्षेत्रों में बूथ और वार्ड कमेटी का गठन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक कमेटी 12 सदस्यीय होगी, जिसमें एसटी, एससी, अल्पसंख्यक, सामान्य वर्ग और महिलाओं का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक बूथ में वरिष्ठ नेताओं को BLA-2 के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

इस अभियान की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है और सभी पदाधिकारियों तथा ब्लॉक अध्यक्षों से इसे मिशन मोड में पूरा करने का आह्वान किया गया।

गैस सिलेंडर किल्लत और महंगाई के विरोध में पुतला दहन

बैठक के बाद शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष साजन पटेल के नेतृत्व में गैस सिलेंडर की किल्लत और कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।

बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, शीबू नायर, प्रदेश प्रतिनिधि कोदुराम दिल्लीवार, संजय चंद्राकर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों में प्रकाश साहू (बालोद शहर अंचल), नरेंद्र सिन्हा (ग्रामीण), रत्तीराम कोसमा (दल्लीराजहरा), किशोर साहू (गुरुर), कचरु साहू (गुंडरदेही), जीवन बंदे (अर्जुन्दा), संजीव चौधरी (देवरी), शिवप्रसाद बारला (डौंडी) सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, कार्यकारिणी सदस्य, प्रवक्ता, सोशल मीडिया टीम और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page