गुंडरदेही। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ठेठवार समाज गुंडरदेही राज महासभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए की गई। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों ने मेधावी छात्रों का सम्मान किया। इसमें कक्षा 10वीं और 12वीं में अच्छे अंक से उत्तीर्ण छात्रों को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा समाज सेवा के तहत जरूरतमंद परिवारों की सहायता भी की गई। चिचलगोन्दी निवासी थलेश कुमार यदु के दुर्घटना ग्रस्त परिवार को 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वहीं परशवानी निवासी गणेश राम यदु (पूर्व संदेशवाहक) के आकस्मिक निधन पर उनके परिवार को भी 5 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई।
कार्यक्रम के दौरान समाज के संगठन को मजबूत करने के लिए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई। इसमें चिचलगोन्दी निवासी चंद्रशेखर यदु को युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष तथा चन्दनबिरही निवासी इंदु यदु को महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और नवयुवाओं की शिक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए समाज लगातार कार्य कर रहा है, जिससे समाज विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो सके।
कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ परमानंद यादव (राजिम), राज महासचिव युवा प्रकोष्ठ नरोत्तम यादव, अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, महासचिव घनश्याम यदु, उपाध्यक्ष दिलीप यादव, संरक्षक देवेंद्र कुमार यदु, महामंत्री भानु यदु, कोषाध्यक्ष आदेश्वर यादव, सचिव श्रवण यादव, सहायक संरक्षक जीवन यादव तथा सलाहकार अशोक यदु, गजाधर यदु, महेश यदु, डिगेश यदु, संतोष यदु, नर्सिंग यदु, डायालाल यदु और रूपेंद्र यदु सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में 19 महिला विधायक होना नारीशक्ति के बढ़ते प्रतिनिधित्व का प्रतीक है। यह इस बात का संकेत है कि समाज महिलाओं के सशक्तिकरण और समान भागीदारी की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
