दिव्यांगों को मनरेगा में काम दिलाने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन



बालोद। जिले के कई ग्राम पंचायतों में दिव्यांगजनों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत काम नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिवकुमार साहू ने जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि कई पंचायतों में दिव्यांगजनों को रोजगार गारंटी योजना के तहत काम नहीं दिया जाता है। कुछ स्थानों पर रोजगार सहायकों द्वारा यह कहकर मना कर दिया जाता है कि उनके पास दिव्यांगजनों के लिए काम उपलब्ध नहीं है।

शिवकुमार साहू ने बताया कि जनपद पंचायत स्तर से सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए गए हैं कि दिव्यांगजनों को उनकी क्षमता के अनुसार मनरेगा में रोजगार उपलब्ध कराया जाए, लेकिन इसके बावजूद कई पंचायतों में इस निर्देश का पालन नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि सभी ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया जाए कि दिव्यांगजनों को उनकी शारीरिक क्षमता के अनुसार मनरेगा के तहत काम दिया जाए, ताकि वे भी रोजगार प्राप्त कर अपने परिवार के पालन-पोषण में सहयोग कर सकें।

उन्होंने कहा कि यदि दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिले, तो वे भी आत्मनिर्भर बन सकते हैं और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकते हैं। इस दौरान शिवकुमार साहू प्रदेश संयोजक हरिराम कोराम, जिला अध्यक्ष पवन ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष एवं सदस्य गण मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page