गुरुर ब्लॉक में आवास, मनरेगा और SBM कार्यों पर सख्ती: सीईओ जिला पंचायत का औचक निरीक्षण, अपूर्ण कार्य जल्द पूरा करने निर्देश



बालोद/गुरूर। गुरुर विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की प्रगति परखने हेतु सुनील कुमार चन्द्रवंशी (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बालोद) ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आवास योजना, मनरेगा और स्वच्छ भारत मिशन (SBM) के कार्यों की जमीनी हकीकत देखी गई तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीईओ जिला पंचायत ने जनपद पंचायत गुरुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगोरीपार, डढ़ारी और धनेली का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने नवीन स्वीकृत लेकिन अप्रारंभ आवासों को तत्काल प्रारंभ कराने और निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोलर पैनल लगाने प्रोत्साहन

निरीक्षण के दौरान लाभार्थियों से सीधे संवाद करते हुए सीईओ ने निर्माणाधीन आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम/सोख्ता गड्ढा बनाने और पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हितग्राहियों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही संबंधित अमले को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मनरेगा मजदूरों से चर्चा, नई योजनाओं की जानकारी ली

मनरेगा अंतर्गत कार्यस्थलों का निरीक्षण करते हुए VB-GRAMG से संबंधित आवश्यक निर्देशों का वाचन मजदूरों के समक्ष कराया गया तथा उनसे नई योजनाओं की जानकारी भी पूछी गई। साथ ही मजदूरों को कार्यों में सक्रिय भागीदारी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय उपयोग पर जोर

स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित शौचालयों का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करें और सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान जिला समन्वयक आवास, सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, जनपद पंचायत गुरुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा), ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अनुविभागीय अधिकारी, उप अभियंता, तकनीकी सहायक, आवास नोडल अधिकारी, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सीईओ जिला पंचायत ने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ किया जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page