आयरन ओर से भरे ट्रक से भिड़ी बाइक: एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल



बोड़ेना के दो ग्रामीण हादसे का शिकार, पुलिस ने ट्रक किया जब्त

बालोद। गुरुवार को जिले के गुण्डरदेही ब्लॉक अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें आयरन ओर से भरी लाइन गाड़ी से टकराकर बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार गुण्डरदेही ब्लॉक के ग्राम बोड़ेना निवासी लोमेश साहू (42 वर्ष) एवं बलराम साहू (55 वर्ष) मोहदीपाठ की ओर से अपने गांव बोड़ेना मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान दुर्ग की ओर जा रही आयरन से भरी लाइन गाड़ी से उनकी बाइक बघेली और भरदा कला के बीच, मोहदीपाठ एक किलोमीटर लिखे स्थान के पास जा टकराई।

मौके पर ही एक की मौत, दूसरे को अस्पताल भेजा गया

हादसा इतना जबरदस्त था कि लोमेश साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बलराम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल संजीवनी वाहन के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गुण्डरदेही भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक (क्रमांक CG 10 BU 9658) को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

शराब सेवन के बाद लौटते समय हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति मोहदीपाठ की शराब दुकान से शराब सेवन कर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर लाइन गाड़ी के पीछे के हिस्से से टकरा गई।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page