बालोद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा/ज में प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला एवं उच्चतर माध्यमिक शाला के संयुक्त तत्वावधान में 30 जनवरी, शुक्रवार को शासकीय माध्यमिक शाला सांकरा/ज के प्रांगण में वार्षिक उत्सव सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना, सरस्वती वंदना, राज्यगीत एवं स्वागत गीत के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री भूपत बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य श्री एम. एल. गौतम ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत बालोद की सभापति श्रीमती दमयंती सुभाष हरदेल, एसएमसी माध्यमिक शाला अध्यक्ष श्री हरिश्चंद्र देशमुख, उपाध्यक्ष श्री नेतूराम देशमुख, शिक्षाविद् श्री जनक पटेल, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य श्री नोहरू चंद्राकर, श्री निर्मल ठाकुर, श्री अग्रहिज साहू, श्री जी. आर. दीपक, ग्राम सरपंच श्रीमती लता चुरेंद्र, प्रधानपाठक श्री डी. आर. ठाकुर एवं श्रीमती ललिता मारकंडे उपस्थित रहे।
मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र व सम्मान राशि
इस अवसर पर सत्र 2025 में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
12वीं कला संकाय में पोमिन एवं मंजूलता, विज्ञान संकाय में राजेश साहू एवं साक्षी साहू, वाणिज्य संकाय में वंदना सेन एवं रोशनी को सम्मानित किया गया।
11वीं कला संकाय में कांक्षी ठाकुर एवं नेहा साहू, विज्ञान संकाय में लीना साहू एवं गोपेश्वर देशमुख तथा वाणिज्य संकाय में गीतांजलि पटेल एवं यामिनी देहारी को सम्मान प्रदान किया गया।
इसी तरह 10वीं कक्षा में रामनमन पटेल एवं आकांक्षा यादव तथा 9वीं कक्षा में कुंदन निर्मलकर एवं धारनी देशमुख को सम्मानित किया गया।
विशेष उपलब्धियों पर भी हुआ सम्मान
सम्मान समारोह की कड़ी में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री टी. आर. ठाकुर द्वारा सम्मान राशि प्रदान की गई। वहीं सभी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री पी. आर. देशलहरे द्वारा सम्मान राशि भेंट कर सम्मानित किया गया।
12वीं भौतिकी विषय में 99 अंक अर्जित करने पर छात्र छबिल कुमार साहू को भौतिकी व्याख्याता श्री खिलेश कुमार गंगासागर द्वारा मोमेंटो एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रधानपाठक श्री नीलकंठ (पिरीद) द्वारा मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
खेल व सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित
संस्कृति ज्ञान परीक्षा में विकासखंड स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली पूजा कामड़े को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं राज्य स्तरीय खिलाड़ी जागेश्वर सोरी को रिले रेस एवं ऊंचीकूद में, हिमांशु को नेटबॉल में तथा चिमनलाल रोवर को राज्यपाल पुरस्कार हेतु चयनित होने पर संस्था के प्राचार्य द्वारा मोमेंटो एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
वार्षिक उत्सव के अवसर पर प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों द्वारा रंगझांझर कार्यक्रम के अंतर्गत देशभक्ति गीत, छत्तीसगढ़ी, हिंदी, उड़िया, बारामासी, रीमिक्स गीतों एवं प्रतीकात्मक राष्ट्रगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित ग्रामीणजनों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीणजन रहे बड़ी संख्या में उपस्थित
वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में संस्था के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कार्यालयीन स्टाफ, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, सभी छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री के. एस. देशमुख एवं श्री आई. एल. लेंडिया, व्याख्याता के मार्गदर्शन में किया गया, जिसकी सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।
