बालोद। अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं नागरिकों में सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बालोद पुलिस एवं महिला कमांडो तथा BSP प्रबन्धन राजहरा के मध्य महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। पुलिस कार्यालय बालोद मे पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं सहयोगी जनकल्याण समिति गुण्डरदेही द्वारा गठित महिला कमांडो प्रमुख पद्मश्री शमशाद बेगम व BSP प्रबन्धन अधिकारियों के उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में जन–सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने एवं अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा जिले में बढ़ती नागरिक सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में शाम के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु महिला कमांडो को पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के द्वारा BSP प्रबंधन के सहयोग से टॉर्च वितरित किए गए, ताकि वे प्रभावी संध्या गश्त संचालित कर सकें तथा संदिग्ध गतिविधियों पर बेहतर निगरानी रख सकें। बालोद पुलिस एवं स्वयंसेवी महिला कमांडो के संयुक्त प्रयासों से जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जन–उन्मुख बनाने की दिशा में यह बैठक सार्थक रही। उक्त बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, एसडीओपी श्री देवांश सिंह राठौर, सीएसपी डॉ. चित्रा वर्मा, डीएसपी श्री बोनिफास एक्का, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा, महिला कमांडो अध्यक्ष श्रीमती शमशाद बेगम, सचिव रफीक रफीक खान, सदस्य भीमेश्वरी शांडिल्य सहयोगी महिला कमांडो, एवं बीएसपी प्रबन्धन राजहरा से रमेश हेडाऊ सहायक महाप्रबंधक, दुर्गेश मजगहे वरिष्ठ प्रबन्धक (सीएसआर) उपस्थित हुए।
बैठक में निम्न प्रमुख विषयों पर विचार विमर्श किया गया
1.आपराधिक गतिविधियों पर सतत निगरानी।
2.पुलिस को त्वरित सूचना देने की प्रणाली को और मजबूत करना।
3.साइबर अपराधों की रोकथाम एवं डिजिटल सुरक्षा जागरूकता।
4.महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम के उपाय।
5.सड़क सुरक्षा एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा चौकसी।
6.सामाजिक अपराधों पर नियंत्रण हेतु सामुदायिक सहभागिता बढ़ाना।
