राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी द्वारा अधिकृत निगरानी समिति ने किया विभिन्न सोसाइटी का निरीक्षण, प्रबंधकों ने बताई समस्याएँ, कांग्रेस ने दी चेतावनी



बालोद- राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी द्वारा अधिकृत निगरानी समिति एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साकरा सोसाइटी, करहीभदर सोसाइटी और लिमोरा सोसाइटी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों के साथ सोसाइटी प्रबंधकों ने भी अपनी समस्याओं को समिति के समक्ष रखा। साकरा सोसाइटी के प्रबंधक श्री प्रकाश सिंघालिया ने बताया कि धान उठाव में गंभीर देरी हो रही है, जिसके कारण धान का स्टॉक बढ़ रहा है और सोसाइटी के कामकाज पर सीधा असर पड़ रहा है। धान उठाव में तेजी लाने की तत्काल आवश्यकता है।

करहीभदर सोसाइटी के प्रबंधक श्री लोकनाथ साहू ने टोकन क्षमता बढ़ाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि टोकन क्षमता कम होने से प्रतिदिन सीमित संख्या में ही टोकन जारी हो पाते हैं, जिससे कई किसान टोकन नहीं ले पाते और खरीदी प्रक्रिया बाधित होती है। क्षमता बढ़ाने से टोकन काटने की समस्या काफी हद तक सुधर सकती है। किसानों ने भी टोकन प्रक्रिया में पारदर्शिता, टोकन क्षमता वृद्धि और धान उठाव में तेजी लाने की मांग जताई। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता गण ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि टोकन क्षमता नहीं बढ़ाई गई और किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस संगठन धरना–प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।

निरीक्षण दल में मण्डल अध्यक्ष प्रेमलाल ग्वालवशी, ब्लॉक उपाध्यक्ष से. पुरानीक साहू, ब्लॉक महामंत्री ऐनु साहू, जोन उपाध्यक्ष लिलेश्वर साहू, संतोष धनकर, दशरथ, बसंत तारम, गनेंद्र साहू, मिथलेश तारम सहित कांग्रेस कार्यकर्ता गण एवं बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित रहे

You cannot copy content of this page