DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

दलदल से पटी है घीना की गलियां, शासन से नहीं मिली एक भी सीसी रोड की स्वीकृति, सरपंच लगा चुकी कई जगह गुहार

बालोद। बालोद जिले के ग्राम घीना में जिसकी आबादी करीब 3000 है, आज भी विकास कार्यों की कमी देखी जा सकती है। स्थिति यह है कि यहां मूलभूत सुविधाओं के तहत सीसी रोड भी नहीं बन पाया है । गांव की 80 से 90% गलियों में इन दिनों बारिश के कारण दलदल भरा हुआ है। लोगों का चलना मुश्किल है तो पानी निकासी भी सही तरीके से नहीं हो पाती है, जिसके चलते लोगों को दलदल भारी गलियों से गुजरना पड़ता है तो पानी जमा होने से दुर्गंध से भी परेशान होना पड़ता है। इस संबंध में गांव की सरपंच प्रणिका जैन ने बताया कि उनके द्वारा कई जगह गांव के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर आवेदन दिया जा चुका है लेकिन कहीं से कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सरपंच ने बताया कि सीसी रोड नहीं होने से गलियों में बरसात में काफी परेशानी होती है।

लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। कई जगह स्कूली बच्चे गिरकर गंदे हो जाते हैं तो कई जगह गाड़ियां भी स्लिप हो जाती है। मुख्य गलियों की बदहाली भी है। उनके द्वारा सीसी रोड स्वीकृत करवाने को लेकर जनदर्शन जिला कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक, सांसद और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा तक को भी आवेदन दिया जा चुका है। लेकिन अभी तक कहीं से कोई स्वीकृति नहीं मिली है। उपसरपंच कैलाश सिन्हा ने भी बताया कि लगातार वे गांव की सीसी रोड के लिए प्रयास कर रहे हैं पर शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधि गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसके चलते ग्रामीण आज भी विकास के नाम पर पिछड़े हुए महसूस करते हैं।

वार्ड क्रमांक 11 के हेमंत निषाद, खूब लाल साहू, खिलेश्वर साहू आदि ने भी बताया कि कीचड़ की समस्या काफी ज्यादा है । बरसात में यह समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। पानी निकासी के लिए कहीं कोई नाली नहीं है ना पक्की सीसी रोड है। जिसके चलते घरों का गंदा पानी भी गली में अक्सर बहता रहता है और दलदल बना रहता है। बारिश में यह समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। शासन प्रशासन तो मानो उनके गांव की उपेक्षा कर रहा है, आज तक उनके गलियों में सीसी रोड नहीं बन पाया है । जागरूक ग्रामीण रूप सिंह रावटे ने बताया कि शासन प्रशासन घीना के विकास को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा है। बरसात हो या ना हो घरों का गंदा पानी रोज गली में बेहतर रहता है। सीसी रोड और नाली दोनों की कमी है। इससे गांव विकास के नाम पर पिछड़ा नजर आता है।

वहीं सरपंच प्रणिका जैन ने कहा कि पूरे वार्ड 1 से लेकर 14 तक के सभी गलियों में सीसी रोड की जरूरत है, हम अपने कार्यकाल में पूरा प्रयास कर रहे हैं कि वार्ड को कीचड़ से राहत मिल सके। पर शासन प्रशासन का सहयोग नहीं मिल पा रहा है।

You cannot copy content of this page