DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

“छत्तीसगढ़ की खादी को मिलेगा नया आयाम: श्री राकेश पांडेय के नेतृत्व में खादी के नवाचार की तैयारी”

रायपुर। छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री राकेश पांडेय के नेतृत्व एवं प्रबंध संचालक श्री श्याम धावडे के मार्गदर्शन में राज्य की पारंपरिक खादी को आधुनिक रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। खादी को अब केवल एक पारंपरिक वस्त्र के रूप में नहीं देखा जाएगा, बल्कि इसे युवाओं, पर्यावरण प्रेमियों और वैश्विक बाजारों के बीच एक सस्टेनेबल व फैशनेबल ब्रांड के रूप में स्थापित किया जाएगा। राज्य में खादी को आधुनिक फैशन डिज़ाइन से जोड़ने की पहल की जाएगी, जिसके अंतर्गत खादी के ट्रेंडी और फ्यूज़न परिधान तैयार किए जाएंगे, जिन्हें कॉलेजों, कार्यस्थलों और समारोहों में सहजता से पहना जा सकेगा। डिज़ाइनिंग में आधुनिक सॉफ्टवेयर, डिजिटल प्रिंटिंग और टेक्सटाइल तकनीकों का समावेश किया जाएगा ताकि खादी की विविधता और गुणवत्ता को वैश्विक मानकों तक पहुँचाया जा सके। ऑनलाइन विपणन को सशक्त बनाने हेतु ई-कॉमर्स प्लेटफार्मों पर खादी उत्पादों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी तथा सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी सशक्त ब्रांडिंग की जाएगी। खादी को विशेष ब्रांड के तहत खादी को पर्यावरण-अनुकूल, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक गरिमा से युक्त उत्पाद के रूप में प्रचारित किया जाएगा। युवाओं को खादी से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालयों में खादी फैशन शो, कार्यशालाएं और नवाचार प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे युवाओं की सोच में खादी के प्रति गर्व और अपनत्व की भावना विकसित होगी। राज्य सरकार खादी को स्कूली यूनिफॉर्म तथा शासकीय कर्मचारियों की वर्दी में शामिल करने की दिशा में कार्य करेगी और निजी क्षेत्र को भी कॉर्पोरेट गिफ्टिंग और दैनिक उपयोग में खादी को अपनाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की खादी को पहचान दिलाने के लिए विदेशी प्रदर्शनियों में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा निर्यात योग्य उत्पादों की एक अलग श्रृंखला विकसित की जाएगी। श्री पांडेय का स्पष्ट मत है कि छत्तीसगढ़ की खादी अब केवल कारीगरों की जीविका का माध्यम नहीं रहेगी, बल्कि यह राज्य की सांस्कृतिक पहचान और आत्मनिर्भरता का वैश्विक प्रतीक बनेगी।

इस दौरान ये रहे उपस्थित – उपसंचालक श्री पंकज अग्रवाल, सहायक संचालक श्री दीपक कुमार आर्मो, निरीक्षक श्री डमरूधर पटेल, श्री प्रकाश श्रीवास्तव, श्री इद्रीश अहमद, चंचल जोतवाणी, शिवांगी मित्रा एवं अन्य उपस्थित रहे |

You cannot copy content of this page