विधायक ने कहा: पेपर में नहीं धरातल पर हो काम, नहीं हो रहा है समस्याओं का निदान
भाजपायों ने अफसरों से कहा: हम मंच पर बैठे हैं और विधायक कर रही स्टालों का अवलोकन, यह कैसी व्यवस्था?
गुरुर। गुरुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत पेंडरवानी में आयोजित सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर में कई ऐसे लोग पहुंचे थे जिनकी समस्या का समाधान ही नहीं हो पाया था। इस दौरान मंचीय कार्यक्रम में कई लोग विधायक संगीता सिन्हा को देखकर उनसे समस्या हल करवाने की उम्मीद में सीधे उनके पास आवेदन लेकर पहुंचने लग गए। लगभग आधे घंटे तक ग्रामीण उन्हें अपनी आवेदन देकर समस्या बताते दिखे। इस दौरान मंच पर अन्य अतिथि के रूप में भाजपाई और जनप्रतिनिधि भी विराजमान थे। जिन्हें यह देखकर अटपटा लगा। विधायक संगीता सिन्हा ने अपना भाषण दिया और शासन प्रशासन को समस्याओं का सही और समयबद्ध निराकरण के लिए कहा। साथ ही नसीहत भी दी की सिर्फ कागजों में नहीं बल्कि धरातल में काम होना चाहिए। तभी इस सुशासन तिहार की सार्थकता है। विधायक ने मंच से जाने के बाद स्टालों का अवलोकन शुरू कर दिया । इधर भाजपाई मंच पर ही बैठे रह गए। यह सब देख मंच पर मौजूद भाजपाई अधिकारियों से नाराज हो गए। उनका कहना था कि यह भाजपा की सत्ता और उनके जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा है। मंच पर विधायक को लोग समस्या बता रहे हैं। इससे कार्यक्रम प्रभावित हो रहा है। ऐसा नहीं होना चाहिए। जो भी समस्या है लोग संबंधित विभाग में जाकर दे और विभाग उन पर कार्यवाही करें। ऐसा आगे नहीं होना चाहिए। इस बात की चेतावनी भाजपा नेताओं ने देते हुए मंच छोड़ना शुरू कर दिया था। लेकिन अधिकारियों ने उन्हें समझाया और वापस कार्यक्रम शुरू हुआ। इस तरह वाद-विवाद की स्थिति के बीच पेंडरवानी में शिविर संपन्न हुआ।
भाजपा नेता दुर्गानंद साहू, अजेंद्र साहू मेहतर नेताम, चंद्रिका गंजीर, ताम्रध्वज यादव आदि का कहना था कि यह अधिकारियों की नाकामी और लापरवाही है जो इस तरह व्यवस्था रखी गई थी। शिविर के दौरान नए आवेदन भी लिए जा रहे , जो भी संबंधित आवेदन है अगर ग्रामीण की समस्या हल नहीं हुई तो उनके विभागों के स्टॉल में जाकर आवेदन दे सकते थे। पर लोग सीधे मंच पर आकर विधायक को अपनी समस्या बता रहे थे। जो भाजपाइयों को उचित नहीं लगा। भाजपाइयों ने कहा इससे यह बात भी पता चलता है कि विभाग आवेदनों के निराकरण को लेकर गंभीर नहीं है ।समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। इसलिए समाधान शिविर में भी लोग निराकरण न होने की शिकायत कर रहे हैं।
विधायक ने भाषण में भी कहा: समस्या हल नहीं हुई है तो मेरे पास आइए, आधे घंटे में हल करूंगी
विधायक संगीता सिन्हा को जब मंच पर बोलने का मौका मिला तो उन्होंने भी इस अंदाज में भाषण दे दिया कि समस्या हल नहीं हो रही है तो मेरे पास आइए, आधे घंटे में हल करवा दूंगी। यह बात भी भाजपाई जनप्रतिनिधियों को हजम नहीं हुई और वे मंच पर खुद को असहज महसूस करते हुए बैठे रहे। विधायक संगीता सिन्हा ने कहा सबसे अच्छा शिविर यही है। भीड़ दिख रही। पर इससे ये भी पता चलता है कि सब समस्या ग्रस्त हैं, सब परेशान हैं। आवेदन आज भी रहे। उन्होंने ग्रामीणों से माइक पर ही पूछा आपके समस्या का हल हुआ कि नहीं? सवाल पूछने पर ग्रामीणों ने हाथ उठाकर बताया कि नहीं हुआ। उन्हें विधायक ने अपना आवेदन अपने पास लेकर आने कहा कि आधे घंटे में सब समस्या का समाधान कराएंगे। विधायक बोली सबसे ज्यादा आवेदन आवास को लेकर आए हैं। मैने कनेरी में भी कहा है कि अधिकारी स्वयं जाकर सर्वे करें और पात्रों को आवास दें। एक महिला के आवेदन का जिक्र करते हुए कहा 11 सदस्य दो कमरे में रहते हैं। हर बार आवेदन देती है लेकिन स्वीकृत नहीं हुआ है। एसडीएम से निवेदन किया कि इनका आवास मिलना चाहिए। आवास प्लस में 18 लाख आवास बनेगा। करीब तीन लाख आवास का पैसा आने वाला है।
पंचायत प्रस्ताव के जरिए भेजे भूमिहीन लोगों का नाम
विधायक ने कहा एक समस्या आवास बनाने जमीन का भी नहीं होना आया है। कुछ लोगों ने बताया पैसा आ गया है पर जमीन न होने से आवास नहीं बना पाए तो आवास वापस हो गया है। मैने इस बारे में एसडीएम से कहा है जमीन की व्यवस्था कराएंगे। एसडीएम ने कहा ग्राम पंचायत से भूमिहीन का प्रस्ताव पारित कर ले कि उन्हें कहां जमीन दे सकते हैं। एसडीएम ने ऐसे लोगों से कहा जितने भी जमीन नहीं वाले मामले हैं, उनसे पटवारी से पंचायत द्वारा आवंटित जमीन का खसरा नक्शा लेकर तहसीलदार फिर मेरे पास भेजे। मैं कलेक्टर को भेजकर भूमि का मद परिवर्तन कराउंगा। उसके बाद सरपंच उन्हें आवास बनाने जमीन (आबादी) प्रदान कर सकते हैं। कुछ लोगों ने आयुष्मान कार्ड से सम्बन्धित समस्या बताई कि ऐसे कुछ बीमारी हैं जिनका इलाज कार्ड में नहीं हो रहा। ऐसे मरीजों का इलाज सीएम सहायता कोष से कराएंगे। विधायक ने कहा मैं चाहती हूं मुझे चुने हो तो आपके काम आ सकूं। शासन की योजना का लाभ सबको मिलें। शिक्षा विभाग को लेकर कहा पिछले साल की अपेक्षा बोर्ड एक्जाम में बालोद विधानसभा रिजल्ट थोड़ा गिरा है।
पेंडरवानी कलस्टर के 6277 में आवेदनों के निराकरण का दावा
गुरूर विकासखण्ड के ग्राम पेंडरवानी आयोजित समाधान शिविर हायर सेकण्डरी स्कूल मैदान में हुआ। जहां ग्राम पेंडरवानी के अलावा ग्राम देवकोट, गंगोरीपार, बासीन, परसुली, डढारी, खुंदनी, पेरपार, अकलवारा, सरबदा, फागुन्दाह, दर्रा, कंवर के निवासी शामिल हुए। पेंडरवानी के शिविर में विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता साहू, जनपद उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा एसडीएम श्री रामकुमार सोनकर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उमेश रात्रे एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा ग्रामीणजन उपस्थित थे। पेंडरवानी कलस्टर में शामिल 13 ग्राम पंचायतों के लोगों के द्वारा प्रस्तुत किए गए 6277 आवेदनों का परीक्षण के उपरांत संबंधित विभाग के अधिकारियों के द्वारा प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण होने का दावा किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभाग के अधिकारियों के द्वारा सुशासन तिहार के पहले चरण के दौरान पेंडरवानी कलस्टर के अंतर्गत कृषि विभाग को 34, स्वास्थ्य विभाग को 31, पीएचई को 68, महिला एवं बाल विकास विभाग को 237, शिक्षा विभाग को 40, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 4595, खाद्य विभाग को 321, श्रम विभाग को 234, राजस्व विभाग को 511 तथा विद्युत विभाग को 174 सहित कुल 6277 आवेदन मिलने की जानकारी दी गई।











