DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जल जीवन मिशन के कार्यों में हुई है जमकर लापरवाही: जिला पंचायत सदस्य पूजा साहू ने किया देउरतराई गांव का दौरा, गलियों में बहता मिला पीने का पानी

बालोद । बालोद से लगे हुए ग्राम पंचायत सिवनी के आश्रित गांव देउरतराई में विगत दिनों जिला पंचायत सदस्य पूजा साहू ने दौरा किया। जहां उन्होंने ग्रामीणों की मूलभूत समस्याएं सुनी। इस दौरान खास तौर से जल जीवन मिशन में जमकर लापरवाही देखने को मिली। गांव में बिना ट्रायल के ही पाइपलाइन बिछाया गया था। जिसके बाद जब टंकी से सप्लाई शुरू हुई तो जगह-जगह लीकेज होना शुरू हो गया। इससे जब भी पानी सप्लाई शुरू किया जाता है गली में पानी बहने लगता है। जिससे कीचड़ तो हो ही रहा है तो वही जल की बर्बादी भी हो रही है। जहां एक ओर तपती गर्मी में जल संकट गहराता जा रहा है तो वही इस गांव में पीने का पानी बेकार बहता नजर आ रहा है। इस पर जिला पंचायत सदस्य पूजा साहू ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि संबंधित विभाग और ठेकेदार इस पर ध्यान दें और व्यवस्था सुधारे। इस संबंध में उनके द्वारा ठेकेदार से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन उनके द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने विभिन्न वार्डों में ले जाकर उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जिला पंचायत सदस्य पूजा साहू ने कहा कि जल जीवन मिशन का कार्य जिस समय तक पूरा होना था वह भी समय पर नहीं हुआ। निर्माण में देरी तो हुई है ,साथ ही लापरवाही भी बरती गई है । पानी टंकी भी लीकेज हो रहा है। ऐसी स्थिति और भी कई गांव में देखने को मिल रही है। जो बताता है कि सरकार की इस योजना को लेकर संबंधित ठेकेदार और निर्माण एजेंसी कितने गंभीर हैं ।उन्होंने कहा कि सिवनी पंचायत के इस आश्रित गांव में जब उन्होंने दौरा किया तो देखा गया कि जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी बनी है। पाइपलाइन बिछाया गया तो बिना ट्रायल के बिछाया गया है। जब पानी सप्लाई की शुरुआत किए तो कई जगह पाइपलाइन फूटा हुआ था। घर के नलों में पानी तक नहीं पहुंच पा रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए टैंकर का भी उपयोग गांव में किया जा रहा है। लेकिन वह भी नाकाफी है। हम सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों से पूछ रहे हैं साथ ही जो टेंडर लिए थे उनसे भी बात किए तो सब गोलमाल जवाब दे रहे हैं। मेरा शासन प्रशासन से यही निवेदन है कि इस मामले में जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए और ग्रामीणों को जो दिक्कत हो रही है उसे दूर कर पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या देउरतराई और औराभांठा दोनों जगह है।

अप्रैल 2024 तक बन जाना था, पर 1 साल ज्यादा समय बीत चुका

जानकारी अनुसार उक्त गांव में जल जीवन मिशन के तहत 2023 में टंकी स्वीकृत हुआ था। 2024 अप्रैल में बन कर तैयार हो जाना था। जिसके लिए 9 महीने का समय दिया गया था। लेकिन आज 1 साल से ज्यादा हो गया अभी भी कई कार्य पूरे नहीं हुए हैं और पानी टंकी जो बना उसमें भी पानी नहीं चढ़ पा रहा है। कई जगह पानी लीकेज हो रहा है। घरों में सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछाए गए हैं उसमें भी लापरवाही बरती गई है। गर्मी में जब पानी सप्लाई के लिए शुरू किया गया तो पाइप लाइन इतना फटा मिला है कि गली में पूरा पानी भरता जा रहा है। जो भ्रष्टाचार और खराब काम को दर्शाता है। दौरे से पूर्व ठेकेदार को भी सूचित किया गया तो भी वे मौके पर मौजूद नहीं हुए। उनके द्वारा कोई जवाब नहीं आया। अफसर भी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं । कुल मिलाकर देखा जाए तो जितनी राशि स्वीकृत हुए हैं उसका आधा भी कार्य नहीं हुआ है। ना ही कार्य पूर्ण हुआ है । इस गांव में पानी का यह एकमात्र साधन है। उसमें भी गांव वालों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह पथरीला इलाका भी है। पाइप जो बिछाया है उसमें सपोर्ट के लिए रेत और मिट्टी तक नहीं डाली गई। सीधे बोल्डर पत्थर को डाल दिया गया है। प्लास्टिक का पाइप डाला गया है जो कि दबाव से फूटने लगा है । टंकी से पानी नलों तक नहीं पहुंच पा रहा है और गलियों में बह रहा है।

शासन प्रशासन तत्काल ले इस पर संज्ञान

पूजा साहू ने कहा इस तरह अव्यवस्था गांव में देखने को मिली है। जिस पर शासन प्रशासन को संज्ञान लेना चाहिए। ग्रामीणों के लिए यह बहुत ही ज्वलंत समस्या है। ग्रामीणों को जल जीवन मिशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य पूजा साहू के साथ जनपद सदस्य दुष्यंत साहू, सिवनी पंचायत के सरपंच बहुर सिंह नेताम, सुख सागर निषाद, मनोहर लाल मंडावी, भीखम राम देवांगन, पंच रेखा निषाद, दामिनी मंडावी , कमलेश्वरी सिन्हा, मनीषा ठाकुर, सूखित राम ठाकुर, वैभव शर्मा, ब्लॉक महामंत्री रोहित सागर आदि उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page