बालोद/ डौंडीलोहारा । डौंडीलोहारा ब्लॉक के संबलपुर से लगे हुए ग्राम सेमरडीह में गुरुवार को मनरेगा यानी रोजगार गारंटी योजना के तहत कार्य के दौरान मजदूरों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में करीब 22 महिलाएं और 8 पुरुष मजदूर घायल हो गए। जिन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहारा में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष निवेंद्र सिंह टेकाम भी ग्रामीण मजदूरों का हाल जानने और व्यवस्था देखने के लिए पहुंचे। इस दौरान एसडीएम और डॉक्टर भी मौजूद रहे। अध्यक्ष ने स्वास्थ्य विभाग सहित शासन प्रशासन को मजदूरों का उचित और जल्द से जल्द इलाज करने के लिए निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार किसी को रेफर करने की स्थिति नहीं आई है। डौंडीलोहारा के अस्पताल में ही सभी का इलाज जारी है। बताते हैं कि मनरेगा के तहत नाली निर्माण का कार्य चल रहा था। जिसमें गांव के मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान सुबह करीब 9:30 बजे के आसपास यह घटना हुई। मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक आकर मजदूरों पर हमला कर दिया। जिससे बचते बचाते ग्रामीणों के बीच भगदड़ मच गई और लगभग 30 ग्रामीण इस घटना में घायल हो गए। जिनका इलाज लोहारा अस्पताल में जारी है। नगर पंचायत अध्यक्ष निवेंद्र सिंह टेकाम ने कहा कि मजदूरों का समय पर इलाज हो और पूरे व्यवस्थित तरीके से इलाज हो, यह देखने के लिए ही वे अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने संबंधित विभाग के डॉक्टर को भी इस संबंध में निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि वे सिर्फ नगर पंचायत के अध्यक्ष नहीं है बल्कि लोहारा ब्लॉक के प्रत्येक गांव की जनता के हित के लिए भी हमेशा खड़े हैं। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसके लिए भी लगातार प्रयास कर रहें। इस घटना पर उन्होंने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचकर मजदूरों का हाल जाना और इलाज व्यवस्था की जानकारी ली।
सेमरडीह में रोजगार गारंटी के दौरान ग्रामीणों पर हुआ मधुमक्खियों का हमला, अस्पताल में भर्ती मजदूरों का हाल जानने के लिए पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष निवेंद्र सिंह टेकाम
