बालोद। उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव बालोद जिले के प्रवास पर रहे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रम में शामिल हुए। साथ ही कलेक्ट्रेट में विभिन्न विभागों के अफसरों की समीक्षा बैठक भी ली और शासन की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस क्रम में डिप्टी सीएम श्री साव गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम भंडेरा में आयोजित स्व. मिनीमाता के मूर्ति अनावरण एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जहां उन्होंने कहा कि सतनामी समाज एवं छत्तीसगढ़ के गौरव पूर्व सांसद स्व. मिनीमाता का जीवन जन सेवा एवं संघर्षों में व्यतीत हुआ है। स्व. मिनीमाता ने गरीब, दीनहीन एवं जरूरतमंद लोगों के सेवा में आजीवन अपने आप को समर्पित किया था। इस तरह से स्व. मिनीमाता का पूरा जीवन मानवता एवं जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। इस अवसर पर कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग, गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद, नंदनी अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, पूर्व विधायक बिरेन्द्र साहू, राजेन्द्र राय, दयाराम साहू, नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष प्रमोद जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, पवन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा समाज प्रमुखगण उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि उस दौर में जब महिलाओं को अपने घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी वैसे समय में स्व. मिनीमाता को छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद बनने का गौरव हासिल हुआ था। उन्होंने कहा कि गरीबों और वंचित वर्गों के साथ-साथ पीड़ित मानवता की सेवा में स्व. मिनीमाता का योगदान अनुपम एवं अद्वितीय है। श्री साव ने कहा कि हम सभी को गरीबों और जरूरतमंद की सेवा करने की सीख स्व. मिनीमाता से लेना चाहिए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं को लोक हितैषी एवं अत्यंत जन कल्याणकारी बताते हुए उसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य में सत्ता की बागडोर संभालने के पश्चात अन्नदाता किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर से धान खरीदी तथा महतारी वंदन योजना लागू कर अन्नदाता किसानों के मेहतन का सम्मान करने के साथ-साथ राज्य के महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है। श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए योजना बनाकर उनका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम भंडेरा में आयोजित इस बेहतरीन कार्यक्रम की सराहना करते हुए ग्राम भंडेरा एवं अंचलवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
क्या कहा सांसद ने
भंडेरा में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने वंचित वर्गों के कल्याण तथा समाज के नवनिर्माण में स्व. मिनीमाता के योगदानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्व. मिनीमता जीवन पर्यंत समाज में फैले कुरीतियों और विसंगतियों को दूर करने में बहुमूल्य भूमिका निभाई है। इस अवसर पर नंदनी अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री डोमन लाल कुर्सेवाड़ा ने स्व. मिनीमाता के योगदानों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समाज के शोषित, पीड़ित एवं वंचित वर्गों का सच्चा हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि आप सबके कृपा एवं आशीर्वाद से ग्राम भंडेरा के मेरे जैसे एक साधारण व्यक्ति को नंदनी अहिवारा विधानसभा क्षेत्र का विधायक बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। समारोह में अतिथियों के द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले समाज के प्रतिभाशाली लोगों का सम्मान भी किया गया।
साहू सदन का किया लोकार्पण
नवनिर्मित भवन में छात्रावास एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 25 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसी तरह अरूण साव जिला मुख्यालय बालोद के जुर्री पारा में नवनिर्मित साहू सदन के लोकार्पण एवं कर्मा महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष टहल सिंह साहू ने किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सांसद भोजराज नाग, कसडोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक संदीप साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, पूर्व विधायक बिरेन्द्र साहू एवं प्रीतम साहू सहित भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, पवन साहू सहित साहू समाज के जिला अध्यक्ष सोमन साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा समाज प्रमुखगण उपस्थित थे।
क्या बोले डिप्टी सीएम
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने इस नवनिर्मित साहू सदन में छात्रावास निर्माण एवं भवन के विस्तार हेतु 25 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने इस भवन के विस्तार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए समय-समय पर हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की बात भी कही। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव एवं अतिथियों के द्वारा फीता काटकर नवनिर्मित साहू सदन का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने साहू समाज को एक मेहनतकश, ईमानदार एवं देशभक्त समाज बताते हुए साहू समाज के विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री साव ने कहा कि जब महाराणा प्रताप हल्दी घाटी के युद्ध में मुगल सम्राट अकबर के साथ युद्ध करते हुए अपना सब कुछ खो गए थे। ऐसे विषम परिरिस्थतियों में हमारे समाज के गौरव दानवीर भामाशाह ने महाराणा प्रताप को अपार धन-संपदा देकर उन्हें पुनः सबल एवं सक्षम बनाया था। उन्होंने कहा कि इसके फलस्वरूप महाराणा प्रताप सम्राट अकबर के खिलाफ पुनः युद्ध कर उन्हें कठिन चुनौती दे पाए थे। श्री साव ने कहा कि हमारे समाज के गौरव भक्त माता कर्मा कोे भगवान जगन्नाथ को खिचड़ी खिलाने का सौभाग्य एवं गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा का योगदान एवं उनके गौरवगाथा साहू समाज सहित सभी समाजों के लिए अत्यंत अनुकरणीय है। श्री साव ने साहू समाज के विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहू समाज आज अपने मेहनत एवं त्याग और तपस्या के बलबूते से अग्रणी है। उन्होंने कहा कि साहू समाज आज राज्य की सबसे बड़ी समाज है लेकिन अब साहू समाज को राज्य के सबसे बड़े समाज होने के साथ-साथ बेहतर एवं श्रेष्ठ समाज भी बनाना है। इस अवसर पर श्री साव ने जिला मुख्यालय बालोद में बेहतर एवं विशाल जिला साहू सदन के निर्माण हो जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसके लिए उन्होंने साहू समाज के सभी लोगों के योगदानों को प्रसंशा करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रदेश साहू समाज के अध्यक्ष टहल सिंह साहू ने जिला मुख्यालय बालोद में इस विशाल साहू सदन के निर्माण में उपमुख्यमंत्री अरूण साव एवं समाज के प्रत्येक लोगों के योगदानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने साहू समाज के विशेषताओं एवं ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साहू समाज के मेहनत एवं ईमानदारी के बलबूते पर साहू समाज के बेटा श्री नरेन्द्र मोदी को आज तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल हुआ है। इस अवसर पर उन्होंने साहू समाज के उन्नति हेतु 10 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र कसडोल के विधायक संदीप साहू ने बालोद जिले के साहू समाज के संगठन एवं समाज के नवनिर्माण में जिले के साहू समाज के लोगों के योगदान एवं भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम का स्वागत भाषण करते हुए साहू समाज के जिला अध्यक्ष सोमन साहू ने समाज के मांगों एवं आवश्यकताओं की ओर अतिथियों का ध्यान आकृष्ट कराया।
नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की
आम जनता के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के दिए निर्देश
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरूण साव ने शुक्रवार को बालोद जिले के प्रवास के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में नगरीय प्रशासन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर संबंधित विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मौजूदा ग्रीष्म ऋतु के दौरान आम जनता को पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की समस्या से जुझना न पडे़, इसके लिए सभी को समुचित मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। श्री साव ने अधिकारियों को पेयजल समस्या के निराकरण हेतु पूर्वानुमान लगाकर समय पूर्व समस्या के निराकरण हेतु प्रबंध करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने जिले के नगरीय निकायों तथा लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लिए स्वीकृत एवं प्रगतिरत् निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता सहित नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक के अलावा संबंधित विभागों के कार्यपालन अभियंता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री साव ने जिले के सभी नगरीय निकायों में पेयजल की व्यवस्था, 15वें वित्त के कार्य, नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति, अटल परिसर के निर्माण कार्य आदि के प्रगति के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से बारी-बारी से जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने नगर पालिका बालोद के व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को बालोद शहर में जिला मुख्यालय के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा शहरवासियों को बेहतर से बेहतर सुविधा प्रदान करने हेतु जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से सीटी डेव्हलपमेंट प्लान के कार्य के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को शहरवासियों के अपेक्षाओं के अनुरूप सीटी डेव्हलमेंट प्लान बनाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। श्री साव ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सीएमओ करें नगर भ्रमण, व्यवस्था का ले जायजा
उपमुख्यमंत्री ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सुबह नगर भ्रमण कर नगर के व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश भी दिए। बैठक में श्री साव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शासकीय कार्यों में कोताही बिल्कुल भी बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से शासकीय कार्यों का संपादन करने के निर्देश भी दिए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को कार्य संस्कृति में बदलाव लाते हुए अपने आप को निरंतर अपडेट करने की आवश्यकता बताई। बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले में पेयजल के व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान आम जनता को पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े इसके लिए समय पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। श्री साव ने जिन ग्रामों में हैण्डपंप आदि खराब है उन स्थानों पर पानी की आपूर्ति हेतु वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री साव ने जिले में पेयजल आपूर्ति हेतु वर्तमान में 70 ट्यूबवेल की स्वीकृति प्रदान करने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन से 70 ट्यूबवेल की स्वीकृति मिलने के उपरांत इसका निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। श्री साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पानी टंकी आदि के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर इसकी जाँच कर तत्काल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में समुचित मात्रा में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु दूरगामी योजना बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। जिससे संयुक्त जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों एवं कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग से विभाग के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तायुक्त ढंग से पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में शत प्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्य के प्रति निष्ठा एवं समर्पण के साथ पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए आम जनता में शासन प्रशासन के प्रति बेहतर छवि निर्माण तथा विश्वास का भाव जागृत करने में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
