विधायक संगीता सिन्हा के गृह नगर गुरुर में मिली कांग्रेस को करारी हार, भाजपा नेताओं ने कहा: जनता ने वोटिंग के जरिए जड़ा है तमाचा, नगर विकास के बजाय कर रहे थे वर्तमान और पूर्व विधायक गुरुर का विनाश!



गुरूर नगर पंचायत में भाजपा ने की वापसी, कांग्रेस ने गंवाई सीट, 11 पार्षद भी भाजपा के ही जीते, सिर्फ चार पार्षद सीट में सिमटी कांग्रेस

भाजपा नेताओं ने कहा: जनता ने मतदान के जरिए दिया है कांग्रेस को करारा जवाब

बालोद। गुरूर नगर पंचायत चुनाव का परिणाम दिलचस्प रूप से सामने आया है। वर्तमान विधायक संगीता सिन्हा का गृह नगर होने के बावजूद यहां पर कांग्रेस को करारी हार देखने को मिली है। इस पर भाजपाइयों ने तंज कसते हुए कहा है कि जनता में विधायक और पूर्व विधायक के प्रति काफी आक्रोश था। जिसका जवाब वोटिंग के जरिए जनता ने दे दिया है। भाजपायों ने जीत के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह करारी हार जनता की ओर से नगर के विकास के बजाय विनाश करने वालों के मुंह पर तमाचा है। गुरुर में भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रदीप साहू चुनाव जीते हैं तो वही कुल 15 वार्डों में से 11 वार्डों में भाजपा के ही पार्षद जीतकर आए हैं। कांग्रेस पार्षद सिर्फ 4 वार्डों में सिमट कर रह गए हैं। ऐसे में काफी बहुमत के साथ भाजपा चुनाव जीतकर नगर पंचायत पर अपनी सीट पाने में कामयाब रही। पिछले बार पार्षदों के जरिए अध्यक्ष चुना गया था। कांग्रेस पार्षद बहुमत थी तो अपना अध्यक्ष बनाने में कामयाब हो गई थी। इस बार अध्यक्ष का चुनाव भी जनता के माध्यम से हुआ है। कड़ी टक्कर के बीच भाजपा प्रत्याशी प्रदीप साहू ने गुरुर नगर पंचायत में तख्ता पलटकर अपने जीत का परचम लहराया है। बहुमत प्राप्त होने के कारण यहां नगर पंचायत उपाध्यक्ष भी भाजपा से ही बनने का रास्ता आसान हो गया है। तो वही इस नगर पंचायत चुनाव परिणाम का असर गुरुर क्षेत्र में हो रहे जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।

दूसरी बार नगर पंचायत में बनेगा भाजपा का अध्यक्ष

यह दूसरा अवसर है जब नगर पंचायत के इतिहास में यहां भाजपा का अध्यक्ष बनने जा रहा है। इसके पूर्व सिर्फ एक बार यहां भाजपा का अध्यक्ष बना था। उसके बाद कांग्रेस का ही कब्जा बना हुआ था। पिछली बार भी कांग्रेस की ही अध्यक्ष थी। लेकिन इस बार भाजपा ने यहां तख्ता पलट कर दिया है। इस जीत पर भाजपाई काफी उत्साहित है और सभी ने एकजुटता दिखाते हुए परिणाम आते ही जश्न मनाया। गुरुर के नवीन कॉलेज में मतगणना स्थल बनाया गया था मतगणना तक भाजपाई और कांग्रेसी अंतिम समय तक डटे रहे। जैसे ही रुझान पता चलता गया भाजपाइयों द्वारा पटाखे फोड़कर जश्न मनाना शुरू कर दिए। अंतिम परिणाम जारी करने के साथ एसडीएम द्वारा अध्यक्ष सहित सभी पार्षदों को प्रमाण पत्र दिया गया। जिसके उपरांत भाजपाई अंबेडकर चौक होते हुए बस स्टैंड और भाजपा कार्यालय पहुंचे। जहां वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित भी किया।

क्या कहा नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप साहू ने

नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप साहू ने चुनाव जीतने पर कहा कि भाजपा का संगठन मजबूत है और उसी संगठन के बलबूते हमने चुनाव लड़ा है और 11 पार्षद और मैं स्वयं अध्यक्ष का चुनाव जीत कर आज आया हूं। मोदी की गारंटी और वर्तमान विष्णुदेव साय की भाजपा सरकार पर भरोसा करते हुए जनता जनार्दन ने हमें भरपूर आशीर्वाद दिया है। इसके लिए मैं समस्त मतदाताओं का आभारी हूं। साथ ही हमारे चुनाव प्रचार में कार्य करने वाले सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं, नेताओं का भी मैं आभार जताता हूं। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप साहू ने अपनी सफलता को पूरी नगर की जनता और कार्यकर्ताओं की जीत बताया। उन्होंने कहा यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं बल्कि हर उस व्यक्ति की जीत है जिसने मुझे समर्थन दिया । मेरी प्राथमिकता नगर का स्वर्णिम विकास होगा। उन्होंने कहा प्रदेश और केंद्र दोनों जगह बीजेपी की सरकार है। हमारी सरकार की सभी योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे यह सुनिश्चित करना मेरी प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। ताकि नगर को स्वच्छ विकास और आत्मनिर्भर बनाया जा सके। उसकी इस ऐतिहासिक जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने जनता, संगठन और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में कहा कि जो पिछले 10 साल से काम रुका हुआ है उसे हम गति से आगे बढ़ाएंगे।

स्थानीय विधायक और कांग्रेस को दिया जनता ने करारा जवाब, विकास के बजाय नगर का विनाश करने से था आक्रोश

वहीं भाजपा मंडल के अध्यक्ष कौशल साहू ने कहा कि इस जीत के लिए मैं नरेंद्र मोदी जी की गारंटी और विष्णुदेव आया की 1 साल के कार्यकाल को एक बहुत ही सकारात्मक पहलू मानता हूं। जिसका प्रभाव जनता में पड़ा है और यही वजह है कि हम नगर पंचायत चुनाव में जीत कर आए हैं। विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने जो वादा किया था उसे भी निभाया गया है । वहीं निश्चित रूप से क्षेत्र के विधायक संगीता सिन्हा और पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा के खिलाफ आक्रोश जनता में बना हुआ था। वह आक्रोश आज खत्म हुआ। गुरूर नगर का विकास निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा। रुके हुए कार्य अब शुरू होंगे। जनता ने पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक के प्रति आक्रोश को अपने मतदान के जरिए दिखाया है और नगर का भाजपा समर्थित नगर पंचायत अध्यक्ष बनाया है। वही नंद किशोर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के 10 साल की सरकार में कांग्रेस और यहां के स्थानीय विधायक ने जनता का विश्वास खो दिया था। विकास के नाम पर विधायक के द्वारा गुरुर का विनाश किया जा रहा था। उसके लिए जनता जनार्दन ने भाजपा के पक्ष में भरपूर जनादेश देकर कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। मोदी की गारंटी का जो सवाल है इस पर पूरे देशवासियों को भरोसा है । विभिन्न योजनाओं का प्रभाव जनता के बीच रहा। उन योजनाओं को लेकर अब जनता के बीच गए और भाजपा पर जनता ने भरोसा किया। इसीलिए भरपूर जनादेश के साथ अध्यक्ष और 11 पार्षद जीत कर आए हैं।

कौन कहां से कितने वोट से जीते, निकटम प्रतिद्वंदी को कितना मिला वोट….

जीते हुए भाजपाई

अध्यक्ष पद के लिए इस चुनाव में चार प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमें भाजपा के प्रदीप साहू को 1209 वोट और कांग्रेस समर्थित टिकेश्वर साहू गोलू को 1085 वोट तो वही निर्दलीय जितेंद्र कुमार ओझा को 496 वोट और हमर राज पार्टी के ओम प्रकाश साहू को 19 और नोटा को 25 वोट मिले हैं।

फाइल फोटो: अपने प्रत्याशियों का प्रचार करती विधायक संगीता सिन्हा जिसमें से सिर्फ 4 जीते, 11 हारे

इसी तरह वार्ड-वार पार्षदों के परिणाम की बात करें तो क्रमशः वार्ड 1 में विजेता भाजपा के राकेश दीवान को 81 वोट और प्रतिद्वंदी कांग्रेस के ओंकार पटेल को 71 वोट मिला। वार्ड 2 में विजेता कांग्रेस के चिदानंद साहू को 127 वोट और प्रतिद्वंदी भाजपा के चिंताराम साहू को 92 में वोट मिला। वार्ड 3 में कांग्रेस के विजेता भूपेश कुमार लोहले सोनू को 129 वोट और प्रतिद्वंदी भाजपा के मधु कुमार साहू को 81 वोट मिला। वहीं वार्ड 4 में विजेता भाजपा के कुंती ताम्रज सिन्हा को 91 वोट और प्रतिद्वंदी कांग्रेस की करुणा देवान को 88 वोट मिला। वार्ड 5 में भाजपा की विजेता अनसूइया ध्रुव को 92 और प्रतिद्वंदी पूनम साहू कांग्रेस को 55 वोट मिला। वार्ड 6 में विजेता कांग्रेस की महिमा रेनू भूपेंद्र साहू को 103 और प्रतिद्वंद्वी भाजपा के तोमेश कुमार साहू को 65 वोट मिला। वार्ड 7 में भाजपा के विजेता चंद्रलता साहू को 72 वोट और प्रतिद्वंदी कांग्रेस के मोहम्मद खान को 64 वोट मिले। वार्ड 8 में विजेता भाजपा की कमलेश बाई शोभित ओझा को 96 और प्रतिद्वंदी कांग्रेस की मधु देवदास को 64 वोट मिले। वार्ड 9 में विजेता कांग्रेस की तृप्ति यादव को 109 और प्रतिद्वंद्वी भाजपा के पन्नालाल साहू को 81 वोट मिले । वार्ड 10 में भाजपा के विजेता अनाराम यादव को 111 वोट और प्रतिद्वंदी कांग्रेस के कमलेश साहू को 81 वोट मिले। वार्ड 12 में विजेता भाजपा के बिंदा यादव को 121 और प्रतिद्वंदी कांग्रेस की तोमेश्वरी तनु साहू को 72 वोट मिले। वार्ड 13 में विजेता भाजपा की जीतेश्वरी मोहन निषाद को 133 और प्रतिद्वंदी कांग्रेस के तेजेश्वर कुमार को 68 वोट मिले। इसी तरह वार्ड 14 में विजेता भाजपा के मधु जगदल्ले को 146 और प्रतिद्वंदी कांग्रेस के लता सोनवानी को 78 वोट मिले। वार्ड 15 में तीन प्रत्याशी थे। जिसमें विजेता भाजपा के नारायण रामटेक को 111, प्रतिद्वंदी कांग्रेस के टीकम लाल जोशी को 107 और निर्दलीय गंगा को 16 वोट मिले। इस तरह कुल 11 वार्डों में भाजपा और 4 वार्डो में कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी जीत कर आए हैं।

You cannot copy content of this page