DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

लकड़ी तस्करों के हौंसले बुलंद, लकड़ी से भरी जप्त ट्रालियों को रातों रात कर दिया गायब….

अजय अग्रवाल, डौंडी। पूरे जिले में अंधेर नगरी और चौपट राजा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। अवैध शराब, जुआं, सट्टा सहित लकड़ी तस्करी खुलेआम हो रही है और जब्त लकड़ी सहित ट्राली को भी दबंगई के साथ रात को चोरी कर लिया जा रहा है।

अवैध कार्य करने वाले अपराधियों के हौंसले बुलंदी पर…..

रविवार को देर शाम चिखलाकसा से खम्हारटोला जाने वाले मार्ग पर स्थित साबुन फैक्ट्री से पहले एक खेत में कहुआ (अर्जुन) के बड़े बड़े पेड़ो को काटकर दो ट्रालियों में भर कर रात के अंधेरे में पार करने के लिए खड़ा किया था। जिसकी जानकारी हमारे संवाददाता द्वारा एसडीएम आरके सोनकर को दी गई तो उन्होंने तत्काल आरआई और पटवारी को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। जिसके बाद खम्हारटोला क्षेत्र के पटवारी देवांगन के द्वारा मौके पर जाकर देखा और नगर पंचायत चिखलाकसा अध्यक्ष भिखी मसिया से आग्रह कर उनके ट्रैक्टर के माध्यम से लगभग रात आठ बजे दोनो ट्रालियों को लाकर रविवार को अवकाश होने और रात होने से और सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्राथमिक शाला चिखलाकसा के सामने चौक में सीसीटीवी के सामने खड़ा कर पंचनामा तैयार कर बाकी की कार्यवाही सुबह करने की बात पटवारी द्वारा कही गई। जिसके बाद रात में जब्ती किए गए उक्त दोनो ट्राली को लकड़ी तस्कर दबंगई के साथ चोरी कर ले गए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस क्षेत्र में अवैध कारोबारियों के हौंसले कितने बुलंद है। जिन्हें न तो कानून का डर है और न ही अधिकारियों की कार्यवाही का डर। इसी क्षेत्र के एक आरा मिल संचालक के पुत्र की शह पर रात को दोनों जब्त ट्रालियों को चोरी किए जाने की बात भी सूत्रों के माध्यम से सामने आ रही है।

एक आरा मिल संचालक के पुत्र की शह पर चोरी किए जाने का अंदेशा…

बता दें कि उक्त अवैध पेड़ कटाई कर रातों रात ट्रैक्टर ट्रालियों से परिवहन कर बालोद लेकर जाने हेतु खड़ी की गई ट्राली पर पटेल कृषि केंद्र फार्म चिल्हाटीकला लिखा हुआ था। ग्रामीणों के द्वारा बताया जा रहा था कि उक्त अवैध कटाई और परिवहन कार्य ग्राम चिपरा निवासी किसी तामेश सिन्हा के द्वारा करवाया जा रहा था। ट्रालियों के जब्ती होने की जानकारी के बाद उक्त व्यक्ति रात को वहीं घूमते हुए भी देखा गया है। अब देखना होगा कि इस प्रकार से जब्त की गई ट्राली और लकड़ी को चोरी कर ले जाने वालों पर प्रशासन कोई कड़ी कार्यवाही करता है या फिर इस प्रकार का कार्य करने वाले अवैध कारोबारियों के हौसलों को बढ़ाने के लिए जब्त लकड़ी से लड़ी ट्रालियों के चोरी के सनसनीखेज और दबंगई के मामले को रफादफा कर देता है।

You cannot copy content of this page