बालोद/गुंडरदेही । ग्राम सिर्राभाटा हल्दी के रहने वाले ओमप्रकाश गजेंद्र व उनकी पत्नी जनपद सदस्य वेद कुमारी गजेंद्र लोगों को निशुल्क एंबुलेंस की सुविधा दे रहे हैं। यह सुविधा अनवरत 1 साल से जारी है।अब तक इस एक साल में उक्त परिवार द्वारा 400 से ज्यादा लोगों को एंबुलेंस की सुविधा दी गई है।ओमप्रकाश गजेंद्र व उनके भाई किशन गजेंद्र ने बताया कि उनका मकसद लोगों की सेवा करना है। कई मर्तबा समय पर सरकारी एंबुलेंस की सुविधा ना मिल पाने या फिर आर्थिक दिक्कतों के चलते लोग निजी एंबुलेंस की सुविधा ना ले पाने के कारण अस्पताल नहीं पहुंच पाते। इससे अकाल मृत्यु हो जाती है। ऐसे समय में अगर उन्हें हम जरा सी मदद कर दे तो उनके लिए एक वरदान ही होता है। इसलिए उन्होंने अपने माता पिता की स्मृति में निशुल्क एंबुलेंस सुविधा शुरू की है। जो कि लगातार जारी है। इसका लाभ हल्दी बेलौदी सहित आसपास के कई गांव के ग्रामीण मरीज ले रहे हैं।

कई घायलों व बीमार मरीजों को रायपुर राजनांदगांव व अन्य शहरों के बड़े अस्पताल में पहुंचाते हैं। इसके लिए उन्होंने बकायदा एक चालक भी रखा हुआ है। जो कि इस काम में भूमिका निभाते हैं। इसमें मरीज व उनके परिवार वालों से किसी तरह का कोई खर्च नहीं लिया जाता है।

पूरा खर्च एंबुलेंस के मालिक द्वारा वहन किया जाता है। मकर संक्रांति के पर्व पर एंबुलेंस के मालिक ओमप्रकाश गजेंद्र व उनके भाई किशन गजेंद्र द्वारा लोगों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर शुरू किया गया है।जिसमें उन्होंने अपील की है कि मोबाइल नंबर 9340114119 पर संपर्क करके या फिर उनके एंबुलेंस के चालक 8085113775 नंबर पर संपर्क करके इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। जब यहां सरकारी एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल पाती उस समय उनकी निशुल्क एंबुलेंस की सुविधा काम आती है। हल्दी बेलौदी क्षेत्र में कई बार समय पर संजीवनी 108 भी नहीं पहुंच पाती। तो ऐसे समय में लोग उनके इस एंबुलेंस की मदद लेते हैं ।जो कि गरीब परिवारों के लिए भी एक वरदान साबित हो रहा है।

जनपद सदस्य वेद कुमारी गजेंद्र ने बताया कि मानव सेवा एक असली धर्म सेवा है। इसीलिए उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर यह पहल शुरू की है।उन्हें इससे कोई लाभ नहीं होता। लेकिन दुआएं बहुत मिलती है। जो कि करोड़ों की होती है। लोगों की दुआएं ही उनके लिए एक बड़ा धन है। लोगों की मदद करके उन्हें बहुत खुशी मिलती है।
