DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जगन्नाथपुर में अज्ञात व्यक्ति ने किसान के दो ट्रैक्टर को किया आग के हवाले, समय रहते किसान ने देख लिया, आरोपी भागा

बालोद। बालोद ब्लाक के ग्राम जगन्नाथपुर में बीती रात को करीब 12:00 बजे एक किसान रेखु राम साहू के दो ट्रैक्टर को एक अज्ञात व्यक्ति ने आग लगाने की कोशिश की। गनीमत समय पर इसकी भनक लगने के बाद किसान व उनकी पत्नी घर से बाहर निकले और आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। किसान व घरवालों को आते देख कर अज्ञात व्यक्ति वहां से भाग गया। घटनास्थल पर दो प्लास्टिक की बोतल पड़ी हुई थी। जिसमें पेट्रोल की गंध आ रही थी। आशंका है कि इसी के जरिए आरोपी ने ट्रैक्टर को जलाने की कोशिश की।

आरोपी द्वारा दोनों ट्रैक्टर के सीट के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाया गया था। बालोद पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है। वही किसान व उनके बेटे नामदेव साहू ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। लेकिन आशंका यह है कि पिछले दिनों गांव में आबादी भूमि पर किए गए अवैध कब्जा को पंचायत प्रशासन हटवाया गया था। इस दौरान पंचायत द्वारा जब्त सामानों को उनके ही ट्रैक्टर से ढुलाकर पंचायत स्थल तक पहुंचाया गया था। जिससे अवैध कब्जा करने वाले या उन्हें संरक्षण देने वाले नाखुश थे। किसान के बेटे ने आशंका जाहिर की है कि उन्हीं में से किसी का हाथ इस घटना में हो सकता है। उन्होंने एक संदेही का नाम पुलिस को बताया है। जिनसे पूछताछ कर आगे की कार्यवाही होगी।

स्ट्रीट लाइट को बंद करके आया था आरोपी


किसान ने बताया कि जब घटना हुई उस दौरान स्ट्रीट लाइट भी बंद थी। जिसका स्विच गांव के किशोर साहू के मकान के पास ही है। अज्ञात आरोपी घटनास्थल तक आने से पहले लाइट बंद कर चुका था। इसी बीच उनके घर से कुछ ही दूर पर मकसूदन नाम का व्यक्ति रात को अपने धान की रखवाली करने के लिए उठा हुआ था। जब कुत्ते भोंकने लगे तो मकसूदन को आभास हुआ कि कुछ गड़बड़ हो रहा है। जब वह ट्रैक्टर की ओर देखने लगा तो वहां आग भभक रही थी। उसने तुरंत आसपास के लोगों को आवाज दी और भी घरवाले उठे। बाहर निकले तो दोनो ट्रैक्टर का सीट व एक गैलन जल रहा था। तत्काल पानी लाकर आग बुझाई गई। वहीं आग जलाने वाला वहां से अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।

You cannot copy content of this page