बालोद/गुरुर – प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंड़िया शुक्रवार को गुरुर विकासखण्ड के ग्राम कुम्हारखान में नवीन ग्राम पंचायत भवन, नवीन सामुदायिक भवन, नवीन सामुदायिक पशु आश्रय स्थल और बालोद विकासखण्ड के ग्राम तरौद में नवीन सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर ग्रामीणों को बधाई दी। संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा इस अवसर पर मौजूद थी। लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर मंत्री श्रीमती भेंडिया ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सुपोषण योजना से राज्य में कुपोषण दर में कमी आई है साथ ही एनीमिक महिलाओ की स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने नल जल योजना का कार्य शासन द्वारा प्राथमिकता से किया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्रत्येक ग्रामों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

मंत्री श्रीमती भेंडिया ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना, सुराजी ग्राम योजना (नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी), गोधन न्याय योजना आदि की जानकारी ग्रामीणों को दी तथा अधिक से अधिक लाभ उठाने प्रेरित किया। श्रीमती भेंडिया ने ग्रामीण महिलाओ को स्व सहायता समूह से जुड़कर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर आर्थिक रूप से मजबूत होने व स्वावलंबी बनने की अपील की। विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने भी ग्रामीणों को संबोधित कर नववर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मीना साहू सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, एस.डी.एम. अमित श्रीवास्तव व अन्य अधिकारीगण और ग्रामीण उपस्थित थे।
गुरूर में आयोजित शिविर का किया औचक निरीक्षण

प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंडिया ने मुख्यालय गुरुर में समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन हितग्राहियों, दिव्यांगजनों का प्रमाणीकरण एवं यूनिक आई.डी. कार्ड के पंजीयन हेतु आयोजित शिविर का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होने वहां विभिन्न स्टालो का निरीक्षण कर संबंधितो से जानकारी ली। मंत्री श्रीमती भेंडिया ने शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनो व वरिष्ठजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनी। उन्होने शिविर में आने वाले हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक को दिए। उन्होंने कहा कि नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिले। उपसंचालक नदीम काजी ने बताया कि शिविर में 176 हितग्राहियों ने पंजीयन कराया। उन्होंने बताया कि 81 हितग्राहियों ने दिव्यांग प्रमाण पत्र, 23 हितग्राहियों ने यूनिक आईडी कार्ड और 06 हितग्राहियों ने आधार कार्ड, 02 हितग्राहियों ने रेल पास के लिए पंजीयन कराया।
