बालोद। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने एवं इनसे लाभ लेने वाले हितग्राहियों से संवाद करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का शुभारंभ शनिवार 16 दिसम्बर को करेंगे। इस दौरान वे देश भर में यात्रा के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में वर्चुअली माध्यम से जुड़कर हितग्राहियों से चर्चा भी करेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे। कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार बालोद जिले में इसके सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है। ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के अलावा कार्यक्रम के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है। नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के बालोद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत सांकरा ज एवं डौण्डीलोहरा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत जेवरतला में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से बालोद जिले में ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का आगाज किया जाएगा। डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार के विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभान्वित करने हेतु हितग्राही चिन्हांकित भी कर लिए गए हैं। इसके अंतर्गत ‘मेरी कहानी-मेरी जुबानी‘ जैसे कार्यक्रम का आयोजन केन्द्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को आम लोगों तक पहुँचाने का काम आईईसी मोबाइल वैन के जरिए होगा। इसके जरिए प्रधानमंत्री मोदी का संदेश, योजनाओं की जानकारी और योजनाओं से संबंधित चलचित्र प्रदर्शित होंगे। इसके अलावा योजनाओं से संबंधित पाम्पलेट, बुकलेट आदि वितरित करने के साथ-साथ योजनाओं के लाभ लेने के लिए आवेदन, लाभ वितरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। योजनाओं के संबंध में जागरूकता के लिए क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। लाभार्थियों की व्यक्तिगत सफलता की कहानियों और उपलब्धियों को साझा करने के लिए ‘मेरी कहानी-मेरी जुबानी‘ जैसे कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती, स्वाईल हेल्थ कार्ड के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव सीएस कुमार ने की ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तैयारियों की समीक्षा
भारत सरकार के पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त सचिव श्री सीएस कुमार ने आज महानदी भवन नवा रायपुर से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बारी-बारी से राज्य के सभी जिला कलेक्टरों एवं नोडल अधिकारियों से अपने-अपने जिलो में आयोजन से जुड़े तैयारियों की जानकारी ली तथा ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ की जिले में तैयारी की समीक्षा हेतु जिले के प्रवास पर पहुँचे भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री आरपी सिंह एवं कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने बालोद जिले में ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ को सफल बनाने के लिए की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। संयुक्त जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में आयोजित वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री शशांक पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री आरपी सिंह ने कहा कि बालोद जिले में ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए रूट चार्ट के निर्धारण तथा अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के अलावा सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई है। कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने कहा कि बालोद जिले में सफल आयोजन हेतु समुचित तैयारियाँ कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिला, ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायों सहित तीन स्तरों पर समिति गठित कर ली गई है। इसके अलावा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करने हेतु इस कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी प्रदान की गई है। आयोजन के दौरान पात्र हितग्राहियों को शासन के विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु हितग्राहियों का चयन भी कर लिया गया है। इसके अलावा जिले के आम नागरिकों को इसकी जानकारी मिल सके इसके लिए इसकी समुचित प्रचार-प्रसार मुनादी भी करा दी गई है।
भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक विभाग के संयुक्त सचिव श्री आरपी सिंह पहुंचे बालोद
इसी तरह ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ की तैयारियों की समीक्षा हेतु बालोद जिले के प्रवास पर पहुँचे भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक विभाग के संयुक्त सचिव श्री आरपी सिंह ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के कलेक्टर कक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन के तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बालोद जिले में ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान श्री सिंह ने आयोजन से जुड़े सभी तैयारियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने कहा कि जिले में ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई है। इसके लिए त्रि-स्तरीय समिति गठन करने के अलावा अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रचार रथ के भ्रमण हेतु रूट चार्ट का भी निर्धारण कर दिया गया है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री शशांक पाण्डेय सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर ने दिए हैं ये निर्देश
कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने बालोद जिले में शनिवार 16 दिसम्बर से आयोजित होने वाले ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ शासन के महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिलकुल भी बर्दास्त नही की जाएगी। कलेक्टर श्री शर्मा आज संयुक्त जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम के आयोजन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़े तैयारियों की समीक्षा भी की। इस दौरान कार्यक्रम स्थल में ’मेरी कहानी मेरी जुबानी’, धरती करे पुकार, स्वच्छता गीत आदि के प्रस्तुती के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रमों में जन प्रतिनिधियों को ससम्मान आमंत्रित करने तथा कार्यक्रम में आम जनता एवं महिला कमाण्डों आदि की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शासन के इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।