स्कूल जाने का रास्ता हुआ बदहाल, अवैध कब्जे के कारण स्थिति और बिगड़ी



बालोद। उक्त तस्वीर सांकरा ज हायर सेकेंडरी स्कूल के बगल की है। जहां से होकर बच्चे सहित ग्रामीण आना-जाना करते हैं। यह स्कूल और बाजार जाने का प्रमुख मार्ग है। लेकिन इन दिनों बरसात में उक्त मार्ग दलदल से पटा हुआ है। इसका प्रमुख कारण सांकरा के कुछ निवासियों द्वारा इस मार्ग के किनारे कब्जा किए हुए हैं और इससे पानी निकासी प्रभावित हो गई है। पानी का बहाव रुकने से कीचड़ भर गया है। लगभग 2 फीट पानी होने से बच्चों को आने जाने में दिक्कत हो रही है। बुधवार को सरस्वती शिशु मंदिर, हायर सेकेंडरी स्कूल और ज्ञान मंदिर में पढ़ने वाले बच्चों को घुटने भर पानी पार कर स्कूल जाना पड़ा। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रही। स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि आसपास के रहवासियों को इस संबंध में कहा जाता है तो उनके द्वारा अभद्रता की जाती है। पानी का रास्ता बंद कर दिया गया है। जिससे ये स्थिति पैदा हुई है। वही सरपंच वारुणी देशमुख ने कहा कि मामले की जानकारी आपके माध्यम से मिली है। मैं कल ही मौके पर जाकर देखती हूं और व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जाएगा। पानी निकासी का रास्ता बंद करना अनुचित है। वहीं सरपंच ने तस्वीर देखने के बाद मुरूम डलवाने का आश्वासन दिया।

You cannot copy content of this page