बालोद। बालोद जिले का रहने वाला जितेंद्र उर्फ टोपी नाम के युवक की हत्या महाराष्ट्र के नागपुर रेलवे स्टेशन में एक हफ्ते पहले शुक्रवार को हो चुकी है। अब तक उक्त युवक की पूरी स्पष्ट पहचान हो ही नहीं पाई है। घटना के वक्त भी इतना ही मालूम हुआ था कि युवक छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। फिर बाद में पता चला कि वह बालोद जिले से संबंधित है। रेलवे पुलिस द्वारा मृतक की पहचान करने के लिए बालोद पुलिस को पत्र लिखकर जानकारी भेजी गई है। जिसे पुलिस द्वारा सोशल मीडिया में प्रसारित किया गया है। हत्या के मामले में एक युवक को गिरफ्तार भी किया गया है। जानिए इसकी पूरी डिटेल,,,,,,,
महाराष्ट्र के नागपुर रेलवे स्टेशन पर एक शख्स ने दूसरे शख्स की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी थी। ये घटना प्लेटफार्म नंबर- 5 पर शुक्रवार देर रात 2:40 बजे की है। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के बालोद जिला निवासी जितेंद्र उर्फ टोपी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी दिनसागर उर्फ दिनेश धोंडिबा सदाफुले महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला है।

लोहमार्ग पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया है। दरअसल, आधी रात को स्टेशन परिसर में पेट्रोलिंग कर रही जीआरपी पुलिस की टीम को प्लेटफार्म नंबर- 5 पर एक शख्स खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत उसे रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जब सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो उन्हें आरोपी व्यक्ति इस वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिया।
सीसीटीवी कैमरे की जांच के तुरंत बाद ही आरोपी को प्लेटफार्म परिसर से तलाश कर अरेस्ट कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आधी रात को पत्थर से कुचलकर शख्स की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योकि मृतक जितेंद्र ने आरोपी दिनेश की बहन, मां और भतीजी को गंदी गाली दी थी।
आरोपी से पूछताछ में इतनी बातें आई सामने
आरोपी का नाम दिनसागर उर्फ दिनेश झोंडिबा सदाफुले (34) निवासी रामनगर, पुणे है। पूछताछ में उसने बताया कि जितेंद्र के साथ उसकी 4 महीने से दोस्ती थी। वह स्टेशन परिसर में मजदूरी कर जीवन यापन करते थे। अक्सर साथ में नशा भी करते थे। घटना के दिन दोनों ने शराब पी और रात में इटारसी एंड की ओर बैठे थे। किसी बात पर दोनों में विवाद हुआ, तो एक-दूसरे को गालीगलौच करने लगे। झगड़ा खत्म होने के बाद जितेन्द्र वहीं पर सो गया और दिनेश वहां से चला गया। गाली देने से दिनेश ज्यादा गुस्से में था। ऐसे में उसने तड़के 3 बजे एक सीमेंट का पत्थर उठाया और सोये हुए जितेन्द्र के सिर पर मार दिया, जिससे जितेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को शव दिखने पर सीसीटीवी में आरोपी इटारसी एंड की ओर जाते देखा गया। पुलिस ने खोजबिन की, तो वह इटारसी एंड पर एक पत्थर के पीछे छिपा मिला।
तुरंत क्यों नहीं पहुंची पुलिस
नागपुर रेलवे स्टेशन पर 200 से ज्यादा कैमरे लगे हैं, जिनकी मॉनिटरिंग आरपीएफ थाने से 24 घंटे होती रहती है। इसका मुख्य कारण यदि स्टेशन परिसर में कोई क्राइम होते दिखा, तो तुरंत एक्शन लिया जा सके, लेकिन उपरोक्त मामले में गश्त के दौरान पुलिस को शव दिखाई दिया। ऐसे में घटना के वक्त कैमरों की मॉनिटरिंग नहीं होने की बात साफ है, जिससे आरपीएफ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
हाथ में गुदा हुआ है आरकेएस और मुस्कान लिखा हुआ टैटू
रेलवे पुलिस के मुताबिक मृतक के बाएं हाथ में टैटू से आरकेएस और मुस्कान अंग्रेजी में लिखा हुआ मिला है और कुछ कपड़ों में जैसे बनियान में डिसेंट और टोपी में टोयोटा कंपनी का सिंबल पाया गया है। हुलिया की बात करें तो ऊंचाई 5 फीट 6 इंच शरीर से मध्यम रंग सावला चेहरा लंबा, आंखें काली, बाल काले, कपड़े काले रंग का हाफ शर्ट जिस पर लाल रंग के पट्टे, उसके अंदर काले रंग की सैंडो बनियान जिस पर अंग्रेजी डिसेंट में लिखा हुआ मिला है।

बालोद और आसपास जिले की क्राइम की बड़ी खबरें पढ़ें एक साथ
