बालोद- संसदीय सचिव व गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ आज किसानों के आंदोलन के समर्थन में शहरों में घूमकर लोगों से समर्थन मांगते दिखे। माइक लेकर वे अर्जुन्दा और गुंडरदेही क्षेत्र में पहुंचे। जहां उन्होंने सड़क पर ही खड़े होकर लोगों को संबोधित किया। खास तौर से व्यापारियों को कहा कि यह वही किसान हैं

जिनकी बदौलत कोरोना काल में भी आप व हम तक अनाज पहुंचता रहा। किसान मेहनत करते हैं तो हम सब का पेट भरता है। इसलिए आज उन किसानों की हक की लड़ाई में हमें भी साथ देना चाहिए। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि के 3 विधेयकों को वापस करने की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। उनकी मांगों का समर्थन सभी व्यापारियों व जनता को करनी चाहिए। यह किसानों के साथ देने का अवसर है। इसमें हमें पीछे नहीं हटना चाहिए और इस काले कानून का विरोध डटकर करना चाहिए। इस दौरान उनके साथ अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे.
