DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

EXCLUSIVE-कल भारत बंद के समर्थन में बालोद जिला भी रहेगा बंद , चेंबर ऑफ़ कॉमर्स, कांग्रेस व आप ने दिया समर्थन, पढ़िए क्या रहेगा बंद और क्या चालू

बालोद – किसानों के आन्दोलन के समर्थन में भारत बंद 8 दिसंबर को है। जिसके समर्थन में बालोद जिले के व्यापारियों ने भी बंद की घोषणा कर दी है। इसके तहत सोमवार की शाम 6 बजे से शहर में मुनादी हो रही है। वहीँ यात्री बसें फ़िलहाल चालू रहेगी। बस एम्प्लाई संघ के अध्यक्ष इमरान अहमद ने कहा संघ की ओर से बंद को लेकर कोई निर्देश नहीं आया है। बसें रोज की तरह चलेगी। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन 12 दिन से चल रहा है। छग व बालोद जिले में कांग्रेसियों व आम आदमी पार्टी ने भी इसका समर्थन किया है। किसानों के समर्थन में पूरा विपक्ष एकजुट हो गया है। ऐसे में सरकार को किसान नेताओं के बीच कई दौर की वार्ताएं भी हुई हैं, लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। वहीं, किसानों ने प्रदर्शनों के बीच आठ दिसंबर को देशव्यापी भारत बंद का एलान कर दिया है।

इसे लेकर केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए देशव्यापी परामर्श जारी किया है। इसमें सरकार ने कहा है कि बंद के दौरान सुरक्षा कड़ी की जाए और शांति सुनिश्चित की जाए। उल्लेखनीय है कि हरियाणा और पंजाब के अलावा छग, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु के किसानों ने भी बंद का समर्थन किया है। इसके अलावा 10 ट्रेड यूनियन भी भारत बंद के समर्थन में आ गई हैं। किसानों के ऐलान के मुताबिक 11 बजे से लेकर तीन बजे के बीच भारत बंद रहेगा। इसलिए दफ्तर जाने वाले 11 बजे से पहले घर से निकलें और चार बजे के बाद अपने दफ्तरों से घर जाएं।

क्या बोली कांग्रेस अध्यक्ष

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चन्द्रप्रभा सुधाकर ने कहा सीएम के आह्वान पर किसानों के समर्थन में हम भी भारत बंद में साथ हैं। जिले में दुकाने बंद कराई जा रही है। पहले से जिले भर में मुनादी करवाई जा रही है। चक्का जाम नहीं होगा। सिर्फ दुकाने बंद करवाकर इस आन्दोलन को समर्थन दिया जाएगा।

इन सेवाओं को मिलेगी बंद से छूट
एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी।
मेडिकल स्टोर खोले जा सकते हैं।
अस्पताल सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।
शादियों पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी।सभी पेट्रोल पंप खुले रहेंगे।

You cannot copy content of this page