आंदोलन व खबर के बाद 24 घंटे के भीतर असर- कुसुमकसा में सड़क की हुई मरम्मत, जनपद सदस्य ने जिला प्रशासन और मीडिया का जताया आभार

बालोद। बालोद दल्ली मार्ग पर कुसुमकसा के मुख्य चौक के पास नेशनल हाईवे पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। जहां बारिश का पानी भरा हुआ था। सोमवार को इन गड्ढों में बैठकर जनपद सदस्य संजय बैस सहित आसपास के व्यापारियों ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया था व विभाग की लापरवाही को उजागर किया था कि किस तरह से सड़क के मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में हमने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। खबर प्रकाशन की 24 घंटे के भीतर ही मामले में नया मोड़ आ गया और जो विभाग अब तक इस जगह की अनदेखी कर रहा था वह भी यहां मरम्मत के लिए आ पहुंचा। जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन कलेक्टर जनमेजय महोबे द्वारा भी संबंधित विभाग के अफसरों को इसके लिए फटकार लगाई गई और इसे गंभीरता से लेते हुए मरम्मत का काम करवाया गया। जनपद सदस्य संजय बैस ने बताया कि सुबह से ही विभाग के इंजीनियर व कर्मचारी आ गए थे व स्थिति देखें और यहां मरम्मत शुरू की गई। यहां पर डामरीकरण होगा। इसके पहले दिन समतलीकरण का काम हुआ है। गड्ढों में भरे पानी को निकासी की व्यवस्था बनाई गई है। यहां गड्ढा होने का प्रमुख कारण पानी भर जाना है। पानी निकासी का रास्ता नहीं था इसलिए बारिश के बाद जब यहां पानी भरता है और लगातार भारी वाहन चलते हैं तो यहां गड्ढा हो जाता है। इसके लिए भी विभाग द्वारा पहल की गई और निकासी के लिए रास्ता बनाया गया। ताकि पानी ना भरें। फिलहाल गड्ढों को समतल किया गया है। बुधवार को यहां डामरीकरण करने की बात नेशनल विभाग के अधिकारी कर रहे हैं। तो वहीं इस पहल के लिए जनपद सदस्य ने जिला प्रशासन के साथ-साथ मीडिया का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया। जिसके चलते शासन प्रशासन ने इस पर तत्काल ध्यान दिया। ज्ञात हो कि जनपद सदस्य सहित व्यापारी इस हालात में आंदोलन को मजबूर हो गए थे। सड़क की बदहाली को दिखाने के लिए वे कीचड़ में ही बैठकर प्रदर्शन किए थे। जनपद सदस्य के अलावा व्यापारी संघ एवं राम जानकी सेवा समिति के लोगों द्वारा सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया था। जिस पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। गड्ढों को मरम्मत किया गया। लोगों की आवाजाही में अब थोड़ी बहुत सुविधा मिलने लगी है। गड्ढों से निजात मिला है व स्थाई हल निकालने के लिए यहां पानी निकासी का रास्ता बनाया गया है। तो वहीं बुधवार को गड्ढों को पूरी तरह से समतल करने के बाद वहां डामरीकरण भी कर दिया जाएगा। इस पहल के लिए जनपद सदस्य संजय बैस, व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रकाश चंद कुचेरिया, राम जानकी सेवा समिति के अध्यक्ष विरेंद्र सिन्हा ने कलेक्टर, नेशनल हाईवे विभाग के अफसर व मीडिया का भी आभार व्यक्त किया।
संबंधित खबर जरूर पढ़ें