बालोद– कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने कल शाम संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के क्रियान्वयन में कम उपलब्धि पर अप्रसन्नता व्यक्त की और कार्यों में प्रगति लाने कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी, कर्मचारी अपने निर्धारित मुख्यालय में निवास करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्रों में आमलोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिले। उन्होंने जिला अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के लैब में जॉच की जाने वाली बिमारियों की जानकारी ली और कहा कि जिन बिमारियों की जॉच की सुविधा उपलब्ध है, उसकी जॉच हो।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्रों में भवनों की स्थिति, स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध उपकरण, दवाईयॉ आदि की जानकारी ली। स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वीकृत पदों के विरूद्ध पदस्थ चिकित्सक तथा कर्मचारी और रिक्त पदों की जानकारी ली। कलेक्टर ने जिले में कोरोना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होने कोविड केयर सेंटरों तथा होम आइसोलेशन में उपचार करा रहे मरीजों के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने चाइल्ड केयर यूनिट, ऑक्सीजन प्लांट तथा वॉयरोलॉजी लैब की प्रगति जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान में जिला कोविड-19 अस्पताल तथा कोविड केयर सेंटरों में ऑक्सीजनयुक्त बिस्तर की जानकारी ली। कलेक्टर ने शासन से प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप कोरोना जॉच की जानकारी ली और निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुरूप प्रतिदिन कोरोना जॉच करें।
कलेक्टर ने जिले में मौसमी बिमारियों तथा उसके रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। उन्होंने संस्थागत प्रसव, राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम, क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम, कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम आदि की विस्तारपूर्वक समीक्षा की और प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना के अंतर्गत स्थल चिन्हांकन कर शिविर लगाने के निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक दीवान, श्री सुब्रत प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जे.पी.मेश्राम, सिविल सर्जन डॉ. एस.एस.देवदास, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.एस.के.सोनी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ.भूमिका वर्मा, सहित डॉ. ग्लेड, डॉ.देवेन्द्र साहू, डॉ. वर्मा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी और ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक आदि मौजूद थे।
