जिला अस्पताल का निरीक्षण करने आए सांसद ने अफसरों से पूछा मोदी जी वैक्सीन भेज रहे तो शिविरों में उनकी तस्वीर क्यों नही लगाते?



बालोद। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद मोहन मंडावी शुक्रवार को शाम 4:30 बजे जिला अस्पताल बालोद का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे।जहां उन्होंने डॉक्टरों व स्टाफ की समस्या भी पूछी तो मरीजों से भी मिले व बेहतर इलाज करने को लेकर सभी को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केस रेफर नहीं होना चाहिए। इसका बिल्कुल ध्यान रखें। जितना हो सके इलाज जरूर करें। केस रेफर करने से अस्पताल की छवि खराब होती है। डॉक्टर की कमी की बात भी सामने आई। सांसद को कुछ डॉक्टरों ने जहां वे रहते हैं उस कॉलोनी की समस्या भी बताई। दंत रोग की चिकित्सक श्वेता गोटी ने कहा कि उनके कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट पानी की बहुत दिक्कत है। इसकी व्यवस्था होनी चाहिए। इस मन सांसद ने ध्यान देने की बात कही। सांसद ने कोरोना काल में किए गए बेहतर सेवा के लिए डॉक्टरों व स्टाफ की सराहना भी की। कहा कि आप लोगों की वजह से लोगों की जान बची है। यह सेवा भाव जारी रखें। इस दौरान मौजूद सिविल सर्जन डॉ एसएस देवदास, सीएमएचओ जयप्रकाश मेश्राम, व्यवस्थापक ओपी वर्मा, विजय देवदास सहित डॉक्टरों व स्टाफ में देवेन्द्र साहू, हर्षित टुवानी, कल्याणी भरद्वाज सहित अन्य लोगों से भी परिचय प्राप्त कर अस्पताल में उनकी जिम्मेदारी को जाना। तीसरे फ्लोर में भी वे निरीक्षण के लिए पहुंचे। वहां भर्ती एक बच्चे की इलाज की जानकारी ली। जिन्हें डॉक्टरों ने कहा है कि इसे रायपुर ले जाना पड़ेगा। सांसद ने बच्चे की मां से कहा कि वहां जाने पर संबंधित डॉक्टर से मुझसे भी बात करवाना, मेरा नम्बर रखो। मैं बेहतर से बेहतर इलाज करवाने में मदद करूंगा।

तीसरी लहर की तैयारी के बारे में यह बताया अफसरों ने

निरीक्षण के दौरान जिला भाजपा के अध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने डॉक्टरों से कोरोना की तीसरी लहर की तैयारी को लेकर जानकारी ली। तो डॉक्टरों ने बताया कि कोविड अस्पताल में 200 बेड की व्यवस्था है। जिसमें 50 बेड सिर्फ बच्चों के लिए आरक्षित किया गया है। 20 बेड वेंटिलेटर भी है। जिसमें 2 बेड बच्चों के लिए आरक्षित है। पूरी तैयारी कर ली गई है।

मोदी का फोटो ना लगाने पर नाराज

तो वहीं वर्तमान में जो वैक्सीन आ रही है वह केंद्र सरकार की ओर से आ रही है। शिविर के दौरान जागरूकता पोस्टर में प्रधानमंत्री मोदी की ही तस्वीर ना लगवाने पर सांसद ने यहां भी नाराजगी जताई। कहा कि केंद्र सरकार से जो आ रहा है उसमें मोदी जी की फोटो रहनी चाहिए। इस पर अफसरों ने कहा कि हमें जैसा जो प्राप्त होता है वैसा लगा रहे हैं बाकी हेल्पडेस्क काउंटर में तस्वीर को लेकर प्रयास करेंगे।

इस निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, महामंत्री व सांसद प्रतिनिधि प्रमोद जैन, तोमन साहू, अश्वन बारले, सुचित्रा साहू, सुशीला साहू सहित अन्य मौजूद रहे।

7 साल से झेल रहे परेशानी

कर्मचारियों और अधिकारियों ने सांसद को बताया कि विगत 7 वर्षों से क्वार्टर्स बने हैं। सभी क्वार्टर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी निवासरत है उक्त कॉलोनी की विद्युत पोल क्वार्टर से अधिक दूरी के कारण विद्युत विभाग द्वारा अस्थाई कनेक्शन दिया गया है। जिसके कारण अत्यधिक विद्युत देयक तथा विद्युत पोल ना होने के कारण वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। जिससे विद्युत उपकरण खराब होते रहते हैं। साथ ही पीने के पानी हेतु नल कनेक्शन का अभाव है। गर्मी के दिनों में बोरवेल पर अनावश्यक भार पड़ने से कॉलोनी के निवासरत स्टाफ को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पक्की सड़क का अभाव है। पूर्व में इस संबंध में 25 सितंबर 2019 को आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक में भी प्रभारी मंत्री द्वारा इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया था। लेकिन इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हुआ। जिला अस्पताल कॉलोनी के सभी अधिकारी कर्मचारी ने मांग की कि क्वार्टर क्षेत्र में विद्युत पोल, नल जल कनेक्शन व सड़क बनवाई जाए।

You cannot copy content of this page